20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Jaisalmer: पॉलीथिन में गोवंश का अवशेष मिलने पर भड़के गोरक्ष, पुलिस ने CCTV खंगाले तो सच आया सामने

जैसलमेर जिले के पोकरण कस्बे में रविवार देर रात फलसूंड रोड पर पॉलीथिन में गोवंश का अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
2 min read
Google source verification
Pokaran News

मौके पर मौजूद गोरक्ष और पुलिस। फोटो: पत्रिका

जैसलमेर। जैसलमेर जिले के पोकरण कस्बे में रविवार देर रात फलसूंड रोड पर पॉलीथिन में गोवंश का अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:30 बजे फलसूंड रोड पर पॉलीथिन में गोवंश का अवशेष मिलने की सूचना फैली। इसके बाद गोसेवक जसवंतसिंह बीलिया, कपिल, हर्षित पुरोहित सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।

सूचना मिलने पर पुलिस वृताधिकारी बुद्धाराम विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। देर रात 11 बजे तक मौके पर लोगों की भीड़ बनी रही और माहौल तनावपूर्ण रहा।

विधायक ने दी आंदोलन की चेतावनी

सूचना मिलते ही विधायक महंत प्रतापपुरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी मामले को गंभीरता को देखते हुए कहा कि जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सोमवार तक आरोपियों गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कानून पर भरोसा रखने का आग्रह किया। इसके बाद गोरक्षों का आक्रोश शांत हुआ।

सीसीटीवी फुटेज से सच आया सामने

पुलिस ने रातभर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो मामले में अलग ही तथ्य सामने आए। सीसीटीवी की जांच में पता चला कि जिस गोवंश के अवशेष को लेकर विवाद हुआ, उसे श्वान लेकर आया था। गोशाला में एक बछड़े की पहले ही मौत हो गई थी, जिसके बाद नगरपालिका की टीम ने नियमानुसार मृत गोवंश को डंपिंग यार्ड में डलवा दिया था। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दिया कि एक श्वान डंपिंग यार्ड से गोवंश का अवशेष उठाकर फलसूंड रोड तक ले आया था। इसके बाद अवशेष मिलने की सूचना फैलने से लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।