
पोकरण. मोर्चरी के आगे परिजनों से पूछताछ कर कार्रवाई करती पुलिस। पत्रिका
पोकरण (जैसलमेर). कस्बे से करीब पांच से छह किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित पहाड़ी क्षेत्र में सोमवार को एक प्रौढ़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक चार दिन पहले रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के बाद रास्ता भटककर परिवार से बिछड़ गया था। आशंका जताई जा रही है कि सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में भूख और प्यास के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर भैरव राक्षस गुफा के पास कोयला बनाने का कार्य कर रहे मजदूरों ने एक शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मनीषकुमार सोनी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान गुजरात के खेड़ा जिले के अंतरौली थाना क्षेत्र स्थित दासलवाड़ा निवासी भगाभाई (59) पुत्र गांडाभाई के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि भगाभाई गत 16 जुलाई को परिवार के साथ बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने रामदेवरा आए थे। दर्शन के बाद घूमते समय वह रास्ता भटक गए और पहाड़ी क्षेत्र में स्थित भैरव राक्षस गुफा तक पहुंच गए।पुलिस का मानना है कि सुनसान क्षेत्र में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण भूख और प्यास से उनकी मौत हुई होगी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है। बताया गया कि मृतक भारतीय रेलवे में कार्यरत थे और अगले कुछ महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है।
आगामी बाबा रामदेवरा मेले को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है। इसके तहत स्टेशन परिसर में 15 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से हर महत्वपूर्ण स्थान की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रामदेवरा देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है। वार्षिक मेले के दौरान देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल मार्ग से यहां पहुंचते हैं। बढ़ती यात्री संख्या और सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर आधुनिक निगरानी प्रणाली का विस्तार किया जा रहा है। अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगाए जाएंगे। इन कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग लगातार की जाएगी, जिससे स्टेशन परिसर की प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार उन्नत निगरानी व्यवस्था से भीड़ नियंत्रण अधिक व्यवस्थित होगा।
Updated on:
20 Jul 2026 09:07 pm
Published on:
20 Jul 2026 09:05 pm
