
जैसलमेर. 110 करोड़ रुपए की विस्तार परियोजना के तहत और विकसित होगा जैसलमेर रेलवे स्टेशन
जैसलमेर. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 140 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्वरूप हासिल कर चुके जैसलमेर रेलवे स्टेशन को अब आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की नई सौगात मिली है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 110.51 करोड़ रुपए की विस्तार परियोजना को स्वीकृति दी है। परियोजना के साथ जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर कुल निवेश करीब 250 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इससे स्टेशन केवल देखने में आधुनिक नहीं, बल्कि संचालन क्षमता और यात्री सुविधाओं के लिहाज से भी नई पहचान बनाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि परियोजना का क्रियान्वयन रेलवे की गति शक्ति यूनिट करेगी। वर्तमान में योजना टेंडर प्रक्रिया में है। नई परियोजना के तहत स्टेशन परिसर में दो नई रनिंग लाइन, दो नए प्लेटफॉर्म (संख्या 4 और 5), दूसरी पिट लाइन, दोनों पिट लाइनों पर कवर शेड और कैटवॉक, मौजूदा फुट ओवर ब्रिज का विस्तार तथा सेकंड एंट्री स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा। इन सभी कार्यों का उद्देश्य बढ़ते रेल यातायात के अनुरूप स्टेशन की क्षमता को मजबूत करना है।
वर्तमान में जैसलमेर स्टेशन पर पर्यटन सीजन और विशेष ट्रेनों के दौरान परिचालन दबाव बढ़ जाता है। नई रनिंग लाइन और अतिरिक्त प्लेटफॉर्म बनने के बाद एक साथ अधिक ट्रेनों का ठहराव और संचालन संभव होगा। इससे ट्रेनों की क्रॉसिंग, रेक प्रबंधन और परिचालन व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारु होगी। दूसरी पिट लाइन बनने से ट्रेनों की धुलाई, रख-रखाव और तकनीकी परीक्षण की क्षमता भी बढ़ेगी। इससे रेक तैयार करने में कम समय लगेगा और ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
परियोजना का सबसे बड़ा लाभ यात्रियों को मिलेगा। सेकंड एंट्री स्टेशन भवन बनने से स्टेशन तक पहुंचने के लिए नया प्रवेश और निकास मार्ग उपलब्ध होगा। इससे मुख्य द्वार पर भीड़ कम होगी और पर्यटन सीजन में यात्रियों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित रहेगी। विस्तारित फुट ओवर ब्रिज सभी प्लेटफॉर्म के बीच सुरक्षित और आसान आवागमन सुनिश्चित करेगा।
जैसलमेर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। हर वर्ष लाखों देशी और विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं। पर्यटन सीजन में ट्रेनों और यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। रेलवे का मानना है कि भविष्य की इसी बढ़ती मांग को देखते हुए स्टेशन के विस्तार की योजना तैयार की गई है, ताकि आने वाले वर्षों में भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें।
करीब 250 करोड़ रुपए के कुल निवेश के बाद जैसलमेर रेलवे स्टेशन पश्चिमी राजस्थान के सबसे आधुनिक और उच्च क्षमता वाले रेलवे स्टेशनों में शामिल होने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मेगा रिडेवलपमेंट से स्टेशन को आधुनिक स्वरूप मिला है, जबकि नई विस्तार परियोजना उसे परिचालन क्षमता, यात्री सुविधाओं और भविष्य की रेल आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाएगी। यह परियोजना सीमांत क्षेत्र में रेल अवसंरचना को नई मजबूती देने के साथ पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी गति प्रदान करेगी।
Updated on:
20 Jul 2026 08:55 pm
Published on:
20 Jul 2026 08:55 pm
