
pokaran accident photo
रामदेवरा ( जैसलमेर ). रामदेवरा क्षेत्र के लोहारकी गांव के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसा लोहारकी और नया नवातला गांव के बीच सुबह करीब नौ बजे हुआ। बाइक सवार एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान कार और बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में लोहारकी निवासी 27 वर्षीय नजीर खान पुत्र हनीफ खान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही रामदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे में कासम खान (23) पुत्र नवाब खान निवासी लोहारकी, सबीना (10) पुत्री इलियास खान निवासी नया नवातला तथा रियाज (3) पुत्र कासम खान निवासी लोहारकी घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को तत्काल पोकरण अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग नया नवातला गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। समारोह में पहुंचने से पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। नजीर खान की असमय मौत से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
जैसलमेर जिले के फतेहगढ़ उपखंड मुख्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 68 पर गत रविवार देर रात एक सडक़ हादसे में पिकअप वाहन पलट गया। जानकारी के अनुसार सडक़ पर आए ऊंट को बचाने के चक्कर में वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ, लेकिन ऊंट भी बचाया नहीं जा सका और हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। पिक-अप में सब्जियां बिखर गई। हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिक-अप के सामने अचानक ऊंट आ गया और चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सांगड पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से पिकअप को सडक़ के किनारे हटवाया। बाड़मेर से जैसलमेर की तरफ जाने वाले मार्ग को रोककर वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला गया। पिकअप में चालक के अलावा कोई अन्य सवारी नहीं थी। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को राजमार्ग से हटाया गया।
Updated on:
20 Jul 2026 10:05 pm
Published on:
20 Jul 2026 09:13 pm
