
बड़ानयागांव कस्बे के सीनियर सैकण्डरी स्कूल का शनिवार को शिक्षा सचिव नरेशपाल गंगवार ने निरीक्षण कर प्रधानाचार्य को प्राथमिक कक्षा1 से 5वीं की शिक्षा में सुधार करने के निर्देश दिए।
शिक्षा सचिव ने सर्वप्रथम कक्षा 9वीं का निरीक्षण किया। उसके बाद कक्षा एक में पहुंचे तो वहां पर कक्षा एक से तीन तक के बच्चों को एक साथ बैठा पाया। नामांकन संख्या भी बहुत कम थी। इस पर उन्होंने नामांकन संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। कक्षा 5 में अध्यापक छात्रों को हिन्दी पढ़ा रहे थे। वहां एक छात्र हिन्दी विषय की जगह गणित की पासबुक से अध्ययन कर रहा था। इससे शिक्षा सचिव नाराज हो गए और अध्यापक को फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि आप का ध्यान कहां पर है, आपको यह भी पता नहीं कि हिन्दी की जगह छात्र गणित विषय को पढ़ रहा है। इसके बाद कक्षा 4 के छात्र से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सैकण्डरी पारस जैन, कोटा के सुभाषचन्द सहित अधिकारी साथ थे।
खामियों पर नाराज दिखे गंगवार
हिण्डोली. जिला प्रभारी सचिव नरेशपाल गंगवार ने शनिवार को क्षेत्र के तीन विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर अधिकारियों के समक्ष रोष जताया। जिला प्रभारी सचिव गंगवार सुबह सवा आठ बजे ग्राम बड़ानयागांव के सीनियर सैकण्डरी स्कूल पहुंचे। जहां पर प्रार्थना सभा का अवलोकन किया। यहां पर चल रह आईटी कक्षाएं एवं कक्षा 9 व 10 वीं कक्षा में गए एवं बालकों का स्तर जांचा। उसके बाद सीसीई के बारे में जानकारी ली। इस दौरान संस्था प्रधान इकबाल हुसैन ने कहा कि सीसीई में प्रथम लेवल में दो ही शिक्षक है इससे शिक्षण कार्य प्रभावित होता है। जिस पर उन्होंने कहा कि प्रथम लेवल हो या सैकण्ड लेवल हो थर्ड ग्रेड के शिक्षक कक्षा एक से आठवीं तक पढ़ाएंगे।