
बूंदी. जिले के राजकीय कॉलेजों में भले ही बारहवीं में अच्छे प्रतिशत प्राप्त विद्यार्थियों को ही प्रवेश मिल रहा हो, लेकिन कॉलेजों में व्याख्याताओं के पद रिक्त होने से विद्यार्थियों का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। जिले का सबसे बड़ा एक मात्र सरकारी कॉलेज में युवाओं को उच्च शिक्षा देने के नाम पर मजाक किया जा रहा है।
सरकार इनके भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। राजकीय महाविद्यालय में करीब साढ़े पांच हजार विद्यार्थी है। जिस पर महज 63 व्याख्याता ही कार्यरत है। जबकि 107 व्याख्याताओं के पद स्वीकृत है। ऐसे में कॉलेज की दहलीज पर कदम रखने के बाद उच्च शिक्षा का सपना संजोए जिले के साढ़े पांच हजार प्रतिभाओं की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
शहर की जनता और जनप्रतिनिध दोनों चुप हैं। हर बार चुनावों से पहले सरकारी कॉलेज की दुर्दशा सुधारने के खूब वादे किए जाते हैं। लेकिन सत्ता में आने के बाद पांच वर्षों तक किसी को सरकारी कॉलेज दिखाई नहीं देता। यही हाल छात्र संघ चुनाव में होता है। छात्र नेता जीतने के लिए कॉलेज में हाईटेक व्यवस्था करने का आश्वासन देते हुए विद्यार्थियों को सपने दिखाते हैं। जीतने के बाद वादे याद नहीं रहते।
यह सिलसिला आज से नहीं दस वर्षों से चल रहा है। हाथ और फूल दोनों सत्ता का सुख भोग चुके है। लेकिन पीजी कॉलेज में रिक्त पड़े व्याख्याता के पद पर भर्ती किसी ने प्रयास नहीं किया। इधर, कॉलेज प्रशासन बच्चों से फीस वसूल रहा है, लेकिन वर्षों से भौतिक शास्त्र व्याख्याता के रिक्त पड़े तीनों पदों पर भर्ती नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में है। मजबूरन विद्यार्थियों को प्राइवेट कोचिंग सेंटर या फिर सेल्फ स्टडी करनी पड़ती है।
कॉलेज में पढ़ाई के साथ साथ प्रशासनिक और खेलकूद गतिविधियां भी भगवान भरोसे ही रहती है। लंबे समय से ही शारीरिक शिक्षकों के पद रिक्त होने की वजह से कॉलेजों में विषयों के प्राध्यापकों को ही अस्थायी रूप से खेलो का काम देखना पड़ता है ऐसे में टिचिंग प्रभावित होती है। शिक्षा की दृष्टि से पिछड़े बूंदी जिले में उच्च शिक्षा की नाव डूबती नजर आ रही है। वहीं परीक्षा परिणाम भी प्रभावित होता है। कॉलेजों में व्याख्याताओं के नहीं होने से कई विषयों की सालभर में भी किताबें नहीं खुल पाती है।
अवगत करवाया है...
कॉलेज में रिक्त पदों को लेकर निदेशालय को अवगत करवाया जाएगा। कॉलेज में अभी ज्वाइन किया है व्यवस्थाएं देखी जा रही है। रिक्त पदों से शिक्षण कार्य प्रभावित होता है।
प्राचार्य ओपी माहेश्वरी
-
यह हालात-
स्वीकृत पदों की संख्या- 107
व्याख्याताओं की संख्या-63
रिक्त- 44