बूंदी

Bundi News : हर वार्ड में होंगे 10-10 लाख के विकास कार्य, आठों बिंदुओं पर सहमति

नगर परिषद के नए बोर्ड ने अपनी पहली ही बैठक में विकास का एजेंडा तय कर दिया। शुक्रवार को नगर परिषद सभागार में हुई पहली साधारण सभा में आठों एजेंडा बिंदुओं पर पार्षदों ने टेबल बजाकर सर्वसम्मति से सहमति जताई। पार्षदों की मांग पर सभापति भरत शर्मा ने शहर के प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपए के विकास कार्य करवाने की घोषणा की।
3 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 12:03 PM IST
municipal council board meeting
बूंदी. नगरपरिषद में आयोजित बैठक में समस्या बताते पार्षद।

बूंदी. नगर परिषद के नए बोर्ड ने अपनी पहली ही बैठक में विकास का एजेंडा तय कर दिया। शुक्रवार को नगर परिषद सभागार में हुई पहली साधारण सभा में आठों एजेंडा बिंदुओं पर पार्षदों ने टेबल बजाकर सर्वसम्मति से सहमति जताई। पार्षदों की मांग पर सभापति भरत शर्मा ने शहर के प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपए के विकास कार्य करवाने की घोषणा की। बैठक में विकास कार्यों के साथ भूमि आवंटन, परिषद की आय बढ़ाने, सफाई व्यवस्था और हाउङ्क्षसग बोर्ड जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में 55 पार्षद मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत आयुक्त बृजेश रॉय ने एजेंडे के आठ बिंदु सदन के सामने रखकर की। इसके बाद सभापति भरत शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। आयुक्त की ओर से वाहन खरीदने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे सदन ने मंजूरी दे दी। सभापति ने पार्षदों के सवालों का जवाब देते हुए बूंदी के चहुंमुखी विकास पर जोर दिया। उन्होंने छोटी काशी को नया स्वरूप देने और सुनियोजित विकास की बात कही। सभी पार्षदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर के विकास में एकजुट होकर काम करने का आव्हान किया।

मास्टर प्लान के साथ बने समिति

भूमि आवंटन के मुद्दे पर पार्षद मोईनुद्दीन फॉरवर्ड ने कहा कि किसी भी संस्था को नि:शुल्क भूमि देने से पहले उसका मास्टर प्लान तैयार किया जाए और इसके लिए समिति बनाई जाए। आयुक्त ने डीएलसी दर का हवाला देते हुए नि:शुल्क भूमि आवंटन की बात कही। इस पर पार्षद ने कहा कि रीको को नगर परिषद की ओर से दी जाने वाली भूमि परिषद की सीमा रेखा से बाहर होनी चाहिए। पार्षद प्रेमचंद बैरवा ने बहादुरपुरा में भूमि आवंटन से पहले वार्ड की स्थिति और जरूरतों को देखने की बात कही।

नीलामी से पहले भूखंडों की सूची बने

नगर परिषद क्षेत्र में बिखरे हुए भूखंडों की नीलामी का मुद्दा भी उठा। नेता प्रतिपक्ष टीकम जैन ने कहा कि नीलामी से पहले परिषद के स्वामित्व वाले सभी भूखंडों को चिह्नित किया जाए। इसके बाद साधारण सभा की बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाए। पार्षद मोईनुद्दीन ने भी अनुपयोगी भूखंडों की सूची तैयार करने की मांग की। आयुक्त ने बताया कि भूखंडों की सूची तैयार की जा रही है।

सदन में गूंजा पत्रिका के सेवा का संकल्प अभियान

बैठक में राजस्थान पत्रिका के सेवा का संकल्प अभियान की भी चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष टीकम जैन ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पत्रिका ने पार्षदों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की अच्छी पहल की है। नगर परिषद को भी इसी तरह की पहल करनी चाहिए, ताकि पार्षदों को उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी मिल सके। पार्षद देवराज गोचर ने भी अभियान की सराहना की।

सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा

घर-घर कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था पर चर्चा के दौरान पार्षद शैलेष सोनी ने वार्डों में सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद वार्डों की आबादी के अनुपात में कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं। दीपावली का सीजन होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर सभापति ने बताया कि 65 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लगे हुए हैं। उनके लौटते ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

आय के स्रोत बढ़ाने और हाउसिंग बोर्ड पर चर्चा

पार्षद देवराज गोचर ने नगर परिषद के सीमित आय स्रोतों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि विकास कार्यों के लिए वित्तीय संसाधन कैसे जुटाए जाएंगे। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने 700 फ्लैटों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फ्लैट तैयार होने के बावजूद अब तक एक भी व्यक्ति वहां रहने नहीं पहुंचा है। सभापति ने बताया कि वे एक महीने में तीन बार हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं। वहां पहले रही खामियों को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

रामलीला को लेकर सदन में हुई बहस

बैठक में रामलीला के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई। पार्षद निशांत नुवाल ने हनुमानजी की वेशभूषा और अतिथियों के मंच पर पहुंचने से पहले रावण दहन होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सभापति को मोबाइल पर फोटो भी दिखाया। इस पर सभापति ने फोटो को एआई से तैयार बताया। उन्होंने कहा कि वे पूरे दिन रामलीला में मौजूद रहे, लेकिन कांग्रेस का एक भी पार्षद नजर नहीं आया। उन्होंने दावा किया कि इतिहास में पहली बार रामलीला में इतनी भीड़ उमड़ी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकम जैन ने आयोजन में त्रुटियां बताते हुए मैसेज वायरल होने के आधार पर यह बात कहने का दावा किया। पार्षद हंसराज नायक, संगीता एवरग्रीन और संपत कटारिया सहित अन्य पार्षदों ने भी अपने सुझाव रखे।

Updated on:
31 Oct 2026, 12:03 PM IST
Published on: