बूंदी

Bundi News: बूंदी में कांग्रेस की एकतरफा जीत भाजपा को शिकस्त, बसपा की एंट्री

पंचायत राज चुनाव के आए परिणामों ने शुक्रवार को गांवों की सरकार की पूरी तस्वीर बदल दी। मतदाताओं ने बूंदी में कांग्रेस का परचम लहरा दिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा को शिकस्त दे दी। भाजपा के कई दिग्गज को मुंह की खानी पड़ी। इधर, बसपा ने भी एन्ट्री करते हुए तीसरे प्रमुख दल के रूप में मौजूदगी दर्ज कराई है। जिला परिषद के 27 वार्डों में से 20 पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने बम्पर जीत दर्ज की है
3 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 12:33 PM IST
Panchayati Raj elections
बूंदी. पीजी कॉलेज स्थित मतगणना केन्द्र में बैलेट पैपर की गणना करते कर्मचारी।

बूंदी. पंचायत राज चुनाव के आए परिणामों ने शुक्रवार को गांवों की सरकार की पूरी तस्वीर बदल दी। मतदाताओं ने बूंदी में कांग्रेस का परचम लहरा दिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा को शिकस्त दे दी। भाजपा के कई दिग्गज को मुंह की खानी पड़ी। इधर, बसपा ने भी एन्ट्री करते हुए तीसरे प्रमुख दल के रूप में मौजूदगी दर्ज कराई है। जिला परिषद के 27 वार्डों में से 20 पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने बम्पर जीत दर्ज की है, वहीं भाजपा मात्र 6 वार्डों पर सिमट गई है। तकनीकी खामी के चलते जिला परिषद के वार्ड 14 का परिणाम रोका गया है। इधर, आठों पंचायत समितियों के 142 वार्डों में भी कांग्रेस ने 76 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा 39 सीटों पर सिमट कर रह गई है। इधर बसपा ने तीसरे मोर्चे के रूप में दस्तक देते हुए 22 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 4 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत का सेहरा पहना है। हालांकि बसपा जिला परिषद में एक भी सीट पर खाता नहीं खोल सकी। तकनीकी खामी के चलते केशवरायपाटन पंचायत समिति के वार्ड 2 का परिणाम रोका गया है।

गत चुनावों में भाजपा कांग्रेस में थी कड़ी टक्कर

गत बार पंचायत राज जिला परिषद चुनाव में भाजपा व कांग्रेस में जोरदार टक्कर थी। कुल 23 सीटों में से कांग्रेस की 11 व भाजपा की 12 सीटें मिली थी। लेकिन कांग्रेस ने भाजपा के दो प्रत्याशियों को अपने खेमे में लेकर भाजपा की चन्द्रावती को जिला प्रमुख बनाया था।

चर्चा में रहे ये परिणाम: भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी हारी तो पूर्व कृषि मंत्री पुत्र जीता

बूंदी पंचायत राज के चुनाव परिणाम चौंकाने वाले रहे। जिला परिषद के चुनाव में भाजपा जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा की पत्नी व पूर्व उप जिला प्रमुख आशा मीणा को वार्ड 24 में करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी कांता मीणा ने 5159 के भारी मतांतर से मात दी। कांग्रेस के पूर्व सांसद, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रामनारायण मीणा के पुत्र शिवप्रसाद मीणा को भी वार्ड 17 में भारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें भाजपा के कन्हैयालाल मीणा ने 2035 मतों से हराया। इसी प्रकार वार्ड 20 से पूर्व मंत्री प्रभु लाल सैनी के पुत्र मनीष सैनी 2625 वोटों से जीते। उन्होंने कांग्रेस के जमनालाल को 2625 मतों से हराकर जीत दर्ज की। इधर, केपाटन में वार्ड 11 से सोनिया कश्यप 2001 मतों से पराजित हुई। उन्हें कांग्रेस की चंन्द्रकला ने हराया। इधर, पंचायत समिति के चुनाव परिणाम में तालेड़ा पंचायत समिति के वार्ड 22 से भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नूपुर मालव चुनाव हार गई। उन्हें कांग्रेस की मीनाक्षी ने 1031 मतों से शिकस्त दी।

हॉट सीट पर जीते तो समर्थकों ने मनाया जीत का जश्न

जिला परिषद की हॉट सीट वार्ड 22 पर कांग्रेस नेता व सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन धाभाई के पुत्र हर्ष धाभाई ने भाजपा के ओम धगाल को पराजित किया तो समर्थकों में खुशी दौड़ गई। बड़ी संख्या में समर्थकों ने मतगणना केन्द्र के बाहर जोरदार आतिशबाजी व नारे लगाकर खुशी व्यक्त की। बाहर आने पर मनमोहन को गोद में उठाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान जैसे जैसे कांग्रेस प्रत्याशियों के जीत के परिणाम आते रहे, समर्थकों में उत्साह बढ़त गया। विजेताओं का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।

जनता ने जो जनादेश दिया है,वो स्वीकार है। यह जनता का प्यार है। हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। आगे पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे। जहां-जहां खामियां रही उनको सुधार किया जाएगा।
रामेश्वर मीणा,भाजपा जिलाध्यक्ष

कांग्रेस की जीत ग्रामीण कार्यकर्ताओं की मेहनत

कांग्रेस ने इस जीत को ग्रामीण कार्यकर्ताओं की जीत बताया है। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए अथक परिश्रम किया, जिससे बड़ी जीत मिली। मीणा ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीण जनता को जीत का श्रेय दिया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत राज चुनाव में भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों की हार हुई। ग्रामीणों ने भाजपा को सबक सिखाया। जिला परिषद में कांग्रेस का जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में प्रधान बनेंगे।
महावीर मीणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष

Updated on:
21 Nov 2026, 12:33 PM IST
Published on: