बूंदी

Bundi Festival 2025: गढ़ गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई बूंदी महोत्सव की शुरुआत, देखें शोभायात्रा की शानदार तस्वीरें

Photos Of Bundi Mahotsav 2025: गढ़ गणेश की पूजा और शोभायात्रा के साथ बूंदी महोत्सव 2025 की शुरुआत हुई जिसमें लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। 3 दिन चलने वाले इस उत्सव में दीपदान, हेरिटेज वॉक, कला प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

3 min read
Nov 08, 2025
फोटो: पत्रिका

Rajasthan: छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध बूंदी में आज से शुरू हुए 31वें पर्यटन पर्व ‘बूंदी महोत्सव 2025’ में 3 दिन तक लोक संस्कृति की छटा बिखरेगी। महोत्सव का शुभारंभ आज गढ़ गणेश की पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और पूर्व राजपरिवार के सदस्य वंश वर्धन सिंह ने गढ़ गणेश जी की पूजा की।

फोटो: पत्रिका

शोभायात्रा में झलकी लोक संस्कृति

शुभारंभ के बाद नवलसागर पार्क से रंगारंग उत्सवी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में लोक कलाकार पारंपरिक परिधानों में नृत्य-गायन करते हुए चले। महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश रखकर चल रही थी। वहीं हर वर्ग के लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता दिखा और पूरा मार्ग “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।

फोटो: पत्रिका

शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसमें देशी के साथ विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। हर कोई इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद करता नजर आया।

फोटो: पत्रिका

इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री और बूंदी जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर, सभापति सरोज अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, और जिला कलक्टर अक्षय गोदारा सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी

फोटो: पत्रिका

पर्यटन विभाग के अनुसार इस वर्ष बूंदी में विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
सांख्यिकीय विवरण के अनुसार —

2020 में आए 4,183 विदेशी पर्यटक

2021 में केवल 52

2022 में 2,379

2023 में 7,406

2024 में 8,707

जबकि 2025 में 7 नवंबर तक ही 9,764 विदेशी पर्यटक बूंदी पहुंचे हैं।

फोटो: पत्रिका

शाम को होगा दीपदान

शाम के समय नवलसागर झील में भव्य दीपदान होगा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती और आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मांगणियार लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी।

फोटो: पत्रिका

रविवार को हेरिटेज वॉक और कला प्रदर्शनियां

रविवार को सुबह गढ़ पैलेस से रानीजी की बावड़ी तक हेरिटेज वॉक आयोजित होगी। वहीं सुखमहल में पेंटिंग वर्कशॉप रखी गई है जिसमें कलाकार बूंदी की विरासत पर आधारित चित्र बनाएंगे। कुंभा स्टेडियम में उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले का उद्घाटन होगा और सेंड आर्ट फेस्टिवल में कलाकार रेत से स्मारक तैयार करेंगे।

फोटो: पत्रिका

शाम को नवलसागर में आतिशबाजी के बीच हास्य कलाकार राजा रेंचो अपने चुटकुलों से दर्शकों को गुदगुदाएंगे। वहीं, बॉलीवुड गायक सलमान अली बॉलीवुड, सूफी और लोकगीतों की प्रस्तुतियों से शाम को और भी यादगार बनाएंगे।

ये है सोमवार का कार्यक्रम

फोटो: पत्रिका

पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी ने बताया कि सोमवार को पर्यटन कार्यालय से ठीकरदा गांव तक विलेज सफारी निकाली जाएगी। वहां विदेशी पर्यटकों को मिट्टी के बर्तन बनाने की पारंपरिक कला से अवगत कराया जाएगा। सुखमहल में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कैनवास पेंटिंग प्रदर्शनी आमजन के लिए खुली रहेगी। शाम को कुंभा स्टेडियम में लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी।

ये भी पढ़ें

Gold Mining : …तो राजस्थान हो जाए मालामाल, जानिए ₹ 1.40 लाख करोड़ के राजस्व पर कहां लगा है ‘ब्रेक’

Published on:
08 Nov 2025 01:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर