बूंदी

बेहतर जीवन जीने के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण जरूरी

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए।
2 min read
Jul 12, 2018
Population control is essential for a better life
बेहतर जीवन जीने के लिए जनसंख्या पर नियंत्रण जरूरी

बूंदी. विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। सीएमएचओ सभागार में जिला स्तरीय समारोह आयोजित हुआ। जिसमें परिवार कल्याण के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपलब्धियां अर्जित करने पर पंचायत समिति, ग्राम पंचायतों, चिकित्सकों, एएनएम और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर महेशचन्द्र शर्मा थे। अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनीष हरजाई ने की। विशिष्ट अतिथि के.पाटन प्रधान प्रशांत मीणा रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से आमजन में भी जागरूकता आने लगी है। वर्तमान में छोटे परिवार की अवधारणा को अपनाना बेहद जरूरी है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सुरेश जैन, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भरतराज मीणा, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ.ओ.पी.वर्मा आदि मौजूद थे। संचालन खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरिराज शर्मा ने किया।

श्रेष्ठ कार्य पर किया सम्मानित
परिवार कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर पंचायत समिति के.पाटन के प्रधान प्रशांत मीणा को दो लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का चेक एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा सरपंचों को भी चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रैली से दिया जागरूकता का संदेश
शहर के हायर सैकेंडरी स्कूल से जनचेतना रैली निकाली गई। रैली को जिला कलक्टर महेशचन्द्र शर्मा ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने परिवार कल्याण की योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। जिला अस्पताल परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेला एवं प्रदर्शनी का सभापति महावीर मोदी ने उद्घाटन किया।

स्काउट गाइड की ओर से भी जनचेतना रैली निकालकर बढ़ती जनसंख्या व सडक़ दुर्घटनाओं के प्रति जागृत किया गया। रैली को वार्ड पार्षद नाजमीन अंसारी ने झंडी दिखाकर पेच ग्राउंड से रवाना किया। रैली स्काउट भवन पहुंचकर सम्पन्न हुई। यहां संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता रोवर लीडर रमेशचंद पारीक ने की। स्काउट सीओ कृष्णा सैनी ने आभार व्यक्त किया।
कापरेन. खण्ड मुख्य चिकित्सा कार्यालय पर बुधवार को बालिकाओं ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। समारोह के मुख्य अतिथि केपाटन प्रधान प्रशांत मीणा रहे। अध्यक्षता नगरपालिका चेयरमैन मुकेश मीणा ने की। जितेंद्र पापड़ीवाल, अम्बरीश व्यास, हारून पठान विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली एएनएम, आशा, सहयोगिनी को प्रमाणपत्र, प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एम एल मीणा ने इस कार्य में जन भागीदारी को अति आवश्यक बताया।
तालेड़ा. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में तालुका विधिक सेवा समिति की ओर से शिविर आयोजित किया गया। जिसमें विद्यालय की छात्राओं को जनसंख्या वृद्धि से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। शिविर में न्यायालय नाजिर अरुण जायसवाल, प्रधानाचार्य कांता पावा, अधिवक्ता हेमराज राठौर ने विचार व्यक्त किए। बाजड़ गांव में भी राजस्थान स्काउट एवं गाइड द्वारा जनसंख्या दिवस पर रैली निकाली गई।

Published on:
12 Jul 2018 11:57 am