बूंदी

ताकत अपनी दिखाना है, सरकारी कॉलेज पाना है

कॉलेज को सरकारी करने के समर्थन में सर्वदलीय महाविद्यालय संघर्ष समिति के तत्वावधान में 15 जुलाई को होने वाले उपखंड स्तरीय
2 min read
Jul 12, 2018
Power is to show you, get government college
ताकत अपनी दिखाना है, सरकारी कॉलेज पाना है

नैनवां. कॉलेज को सरकारी करने के समर्थन में सर्वदलीय महाविद्यालय संघर्ष समिति के तत्वावधान में 15 जुलाई को होने वाले उपखंड स्तरीय प्रदर्शन में शामिल होने के लिए एबीवीपी व एनएसयूआई के छात्र नेताओं ने बुधवार को भी कई गांवों में चौपाल का आयोजन किया। प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पीले चावल बांटते और कहा कि आपका सहयोग ही हमारी ताकत बनेगा।
आपका एक दिन का सहयोग आपके बेटे-बेटियों के हक का सपना पूरा करने में सार्थक बन जाएगा। सरकारी कॉलेज नहीं होने से आजादी के बाद भी नैनवां उपखंड के शिक्षा का स्तर जहां का तहां है। कॉलेज सरकारी होगा तो क्षेत्र के बेटे-बेटियों की शिक्षा का स्तर भी बढ़ेगा। शिक्षा से वंचित रहने वाले निर्धन परिवारों के बेटे-बेटियों का भी उच्च शिक्षा का सपना पूरा होगा। बरसों से उठती आ रही सरकारी कॉलेज की मांग भी पूरी होगी। सभी राजनीतिक लोगों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर महाविद्यालय को सरकारी दर्जा दिलवाने के लिए दबाव बनाने की आवश्यकता है।
इन गांवों में किया सम्पर्क
नैनवां बीएजेएम महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष आशुतोष नागर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिलखुश पोटर, दीपक चौपड़ा, शिवनन्दन धाबाई, मिथुन मीणा, मुकुल साहू, अम्बेराजसिंह ने खानपुरा, मानपुरा, दुगारी, बांसी, रामगंज, मरां, मुण्डली गांवों में चौपाल पर बैठकों का आयोजन किया। गुरुवार को समिति के पदाधिकारी भी गांवों में जनसम्पर्क करने जाएंगे। संघर्ष समिति के संयोजक गोपीलाल सैनी ने बताया कि गुरुवार को रजलावता, बामनगांव, समीधी, करीरी, जरखोदा, करवर, आंतरदा, तलवास, जेतपुर, पीपल्या, गुढ़ादेवजी व फूलेता गांवों में तथा शुक्रवार को सुवानिया, बाछोला, सीसोला, जजावर, खानपुरा, दुगारी, बांसी, भजनेरी, डोडी, डोकून व देइ क्षेत्र में जनसम्पर्क कर पंचायत स्तर पर संघर्ष समिति का गठन किया जाएगा।


इधर धरना जारी
महाविद्यालय को सरकारी करने की मांग को लेकर संघर्ष समिति का एसडीएम कार्यालय पर बुधवार को भी धरना जारी रहा। संघर्ष समिति के संयोजक सैनी के साथ बामनगांव ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच राधेश्याम शर्मा, दुगारी के राजू सैनी, बंटी खींची, खानपुरा के सीताराम सैनी, रामदेव, मानपुरा के राजूलाल धाकड़, चेनपुरिया के उमेश बाबा, बालकृष्ण गुर्जर, कमलेश नागर, लोकेश नोगिया, सुवानिया के अशोक नागर, हनुवंतपुरा के सत्यनारायण गुर्जर भी धरने पर बैठे।

Published on:
12 Jul 2018 12:25 pm