बूंदी

राजस्थान के इस जिले को मिलेगी ₹49 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

Bundi News: बूंदी जिले में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। एक ओर जहां ₹49 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार के 21 दिवसीय विकास रथ अभियान के समापन को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।
2 min read
May 21, 2026
Rajasthan-Development-News
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Rajasthan Development Project: बूंदी जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला गुरुवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर बूंदी पहुंचेंगे, जहां वे करीब ₹49 करोड़ की लागत से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ओम बिरला शाम 4 बजे रणजीत निवास में अभिभाषक परिषद की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे टाउन हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वे शहर के विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इस अवसर पर 'बूंदी विकास मंथन' कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर प्रबुद्धजनों के साथ संवाद किया जाएगा और उनके सुझाव लिए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाना है, जिससे बूंदी शहर के बुनियादी ढांचे को नई दिशा और गति मिल सके।

21 दिवसीय विकास रथ अभियान को नहीं मिला ग्रामीणों का समर्थन

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने 21 दिवसीय विकास रथ योजना का समापन बुधवार को पंचायत समिति परिसर में किया गया। ''विकास रथ अभियान समापन समारोह खानापूर्ति बन कर रह गया। इसमें जन भागीदारी का अभाव रहा। लोगों की भीड़ जुटाने के लिए इस अभियान में लोक कलाकारों के कार्यक्रम भी रखे गए, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में यह भीड़ नहीं जुटा पाए।

इस अभियान का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण विकास को नई गति देना और समाज के अंतिम पायदान पर बैठे हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना था। इस कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत ग्राम पंचायतों की साफ सफाई के लिए संदेश देना था, लेकिन इस विकास रथ अभियान के बीच पंचायत राज एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के औचक निरीक्षण ने ग्राम पंचायतों की साफ सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। पंचायत समिति क्षेत्र की एक दर्जन ग्राम पंचायतों में तो साफ सफाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारी इस बारे में गंभीर नहीं है। यहां आयोजित समापन समारोह में भी जनभागीदारी का अभाव रहा। कार्यक्रम में सरकारी अधिकारियों, भाजपा के पदाधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

Updated on:
21 May 2026 09:31 am
Published on:
21 May 2026 09:31 am