बूंदी

Bundi News: रोडवेज बस स्टैंड होगा स्थानांतरित, 20982 वर्ग मीटर जमीन के लिए मिली स्वीकृति, राजस्थान सरकार को भेजा नक्शा

बूंदी में वर्षों से लंबित रोडवेज बस स्टैंड शिफ्टिंग प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। कृषि उपज मंडी लंका गेट में 20982 वर्ग मीटर भूमि के लिए राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इससे नए आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
2 min read
Jun 27, 2026
Rajasthan Roadways
बस की फाइल फोटो: पत्रिका

Bundi Roadways Bus Stand Relocated: बूंदी बस स्टैंड को कृषि उपज मंडी परिसर, लंका गेट में स्थानांतरित करने की वर्षों पुरानी प्रक्रिया का रास्ता अब जाकर साफ हुआ है। राज्य सरकार ने पुराने कृषि उपज मंडी परिसर, लंका गेट में बूंदी बस स्टैंड के लिए 20982 वर्ग मीटर जमीन दिए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से नए बस स्टैंड के निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। अब रोडवेज के नाम पर यह जमीन नि:शुल्क किए जाने की आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह प्रक्रिया पूर्व में कुछ तकनीकी और व्यावहारिक बाधाओं के कारण अटकी हुई थी।

जुलाई 2025 में कृषि विभाग द्वारा सर्वप्रथम एक नक्शा सहमति के लिए प्रस्तुत किया गया था, लेकिन रोडवेज मुख्यालय जयपुर ने उस नक्शे पर आपत्ति दर्ज कराई थी। रोडवेज का तर्क था कि वह नक्शा बस स्टैंड निर्माण के अनुकूल नहीं था। परिसर में मंदिर, अतिक्रमण एवं कॉलोनी से सटे जैसी समस्याएं थीं, जिससे बस स्टैंड के सुचारु संचालन में बाधा उत्पन्न होगी। इसके अतिरिक्त, पर्याप्त फ्रंट नहीं मिलने के कारण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड़ पर इसे विकसित करने में भी परेशानियां आती। इन आपत्तियों के बाद गहन पुनर्विचार किया गया और संशोधित नक्शा तैयार किया गया। ऐसे में लंबे समय बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से यह स्वीकृति मिलने के बाद जल्द पुरानी मंडी परिसर में बस स्टैंड शिफ्ट की प्रक्रिया शुरू होगी।

फिर राजस्थान सरकार को भेजा नक्शा

कुछ अड़चनों के बीच संशोधित नक्शा प्रस्तुत किए जाने के उपरांत परिवहन विभाग एवं कृषि विभाग के मध्य पूर्ण सहमति बनी। इसके बाद यह संशोधित नक्शा राजस्थान सरकार को भेजा गया, जिसने अब इसे अपनी अंतिम स्वीकृति प्रदान कर दी है।

डिप्टी सीएम,प्रभारी मंत्री नेे देखी थी जगह

पुरानी कृषि उपज मंडी में बस स्टैंड शिफ्टिंग को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच कुछ दिनों पूर्व बूंदी दौरे पर आए उप मुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा व ऊर्जा राज्य मंत्री व जिले के प्रभारी हीरालाल नागर ने भी बूंदी बस स्टैंड के लिए प्रस्तावित स्थल का दौरा कर सबसे उचित विकल्प की तलाश की थी।

रोडवेज को 600 फुट फ्रंट भूमि आवंटित

भूमि आवंटन की सहमति का निर्णय उपमुख्यमंत्री द्वारा 2 अप्रैल 2026 को शासन सचिवालय में दोनों विभागों की बैठक के बाद किया गया। बैठक में परिवहन विभाग को 600 फुट फ्रंट भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद कृषि विभाग ने संशोधित नक्शा प्रस्तुत किया। रोडवेज मुख्यालय जयपुर ने नक्शे का विश्लेषण करने के बाद भूमि का अवलोकन किया। 600 फुट फ्रंट की भूमि उपयुक्त पाई गई, जिसमें किसी तरह का अतिक्रमण, विवाद या मंदिर आदि स्थान नहीं था। परिवहन विभाग मुख्यालय जयपुर ने 19 मई 2026 को इस नक्शे पर सहमति दी। कृषि विभाग ने यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था, जिसकी सहमति अब प्राप्त हो चुकी है। सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं।

कृषि विभाग द्वारा संशोधित नक्शा प्रस्तुत किए जाने के बाद परिवहन विभाग एवं कृषि विभाग के मध्य सहमति के उपरांत नक्शा की सहमति के लिए राज्य सरकार को भेजा गया। इस पर सरकार ने सहमति देते हुए 20982 वर्ग मीटर जमीन पुराने कृषि उपज मंडी परिसर लंका गेट में बूंदी बस स्टैंड के लिए दिए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है एवं अब बस स्टैंड निर्माण के लिए रास्ता साफ हो गया है। आगे बस स्टैंड की जमीन को रोडवेज के नाम नि:शुल्क किए जाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नवीन आधुनिक बस स्टैंड जनता एवं यात्रियों के निर्मित हो पाएगा।
डॉ. घनश्याम गौड़,मुख्य प्रबंधक, बूंदी डिपो

Updated on:
27 Jun 2026 12:00 pm
Published on:
27 Jun 2026 11:57 am