बूंदी

नोटिस के बाद भी सरकारी भवन पर सरपंच का कब्जा

लोईचा ग्राम पंचायत का सरकारी भवन अभी भी सरपंच के कब्जे से मुक्त नहीं हो पाया।
2 min read
Jun 22, 2018
Sarpanch occupying the government building even after the notice
नोटिस के बाद भी सरकारी भवन पर सरपंच का कब्जा

नमाना. लोईचा ग्राम पंचायत का सरकारी भवन अभी भी सरपंच के कब्जे से मुक्त नहीं हो पाया। नोटिस देने के नौ दिन बाद भी सरपंच ने पंचायत भवन खाली नहीं किया है। वहीं अब इस मामले में अधिकारी अपनी लाचारी जता रहे हैं।
लोईचा पंचायत भवन में करीब एक माह पहले सरपंच सीमा वर्मा ने कब्जा जमा लिया और पूरे परिवार सहित वहां पर रहने लग गई। ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी लगी तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन सरपंच ने उनकी नहीं सुनी और पंचायत भवन से कब्जा नहीं हटाया। नौ दिन पहले पंचायत मुख्यालय पर लगे न्याय आपके द्वार शिविर में ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी के सामने पंचायत भवन पर कब्जा करने की शिकायत और हंगामा कर दिया। इस पर पंचायत समिति के विकास अधिकारी ने मौके पर जायजा लिया तो वहां पर अतिक्रमण मिला। उस समय पंचायत अधिनियम 138 के तहत सरपंच को नोटिस देकर पंचायत भवन खाली करने के लिए निर्देश दिए, लेकिन नौ दिन का समय बीत जाने के बाद भी सरपंच ने भवन खाली नहीं किया है। ग्रामीणों ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं करने पर रोष जताया है।


ताला लगाया, सरपंच को सौंप दी चाबी
भवन पर सरपंच के कब्जे मामले को लेकर सिलोर में आयोजित शिविर में उठाया। जिस पर जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी को ताला लगाने के निर्देश दिए। जिस पर बुधवार को सहायक अभियंता राजेश शर्मा ने मौके पर पहुंच कर भवन के गेट पर ताला लगा दिया, लेकिन गुरुवार सुबह चाबी सरपंच को सौंप दी। जिस पर ताला लगाने का कोई औचित्य ही नहीं रहा। सरपंच अभी भी भवन पर ही काबिज है।


बंूदी पंचायत समिति के विकास अधिकारी घनश्याम शर्मा का कहना है कि
सरपंच द्वारा भवन खाली नहीं किया गया तो एक और नोटिस जारी किया जाएगा। अब हम तो कागज ही चला सकते हैं। इसके सिवाय क्या करें, उच्च अधिकारियों को भी इस बारे में अवगत करा दिया है। जैसे ऊपर से निर्देश मिलेंगे वैसे कार्रवाई करेंगे ।

Published on:
22 Jun 2018 12:38 pm