बूंदी

पुलिस की सुस्ती का फायदा उठा कर सुने मकानों में चोर कर रहे सेंधमारी

शहर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरियों की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर
2 min read
Jun 22, 2018
Taking advantage of the lethargy of police, burglars burglar in houses
पुलिस की सुस्ती का फायदा उठा कर सुने मकानों में चोर कर रहे सेंधमारी

बूंदी. शहर में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरियों की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए है। चोर सूना मकान पाकर हाथ साफ करने से नहीं चूक रहे हैं। देवपुरा रोड स्थित गणेश विहार कॉलोनी-3 में बुधवार रात को चोर सूने मकान से एक लाख रुपए नकद व डेढ़ लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया।

जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के पास खेत पर बने मोतीलाल मेघवाल के मकान में पांच-सात दिन से पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। पूरा परिवार यहीं पर था। ऐसे में कॉलोनी वाले मकान ताला लगा रखा था।
बुधवार रात को चोर सूना मकान देखकर अन्दर घुस गए और कमरे में रखे बक्से का ताला तोडक़ऱ एक लाख रुपए नकद, दो जोड़ी पायजेब, सोने की बजंटी, 4 जोड़ी पायल, दो जोड़ी चांदी की कनकती सहित अन्य जेवरात ले उड़े। गुरुवार सुबह परिवार के लोग घर आए तो मकान में चोरी होने का पता चला।

मेहनत की कमाई की हुई सफाई
मोतीलाल के परिजनों ने बताया कि 15 दिन पहले खेत में हुए गेहूं का सौदा किया गया था। गेहूं बेचने पर एक लाख रुपए नकद मिले थे। बाकी रकम बाद में आनी थी। एक लाख रुपए कॉलोनी वाले मकान में रखे थे। जिसे चोर ले उड़े।

करते रहे टालमटोल
सदर थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर हुई चोरी की घटना को बताने में भी सदर थाना पुलिस कतराती रही। जब थाने में फोन लगाकर घटना के बारे में जानकारी ली तो अधिकारी टालमटोल करते हुए नजर आए। पुलिसकर्मी घटना की जानकारी देने से कतराते रहे।

अब तो सूना घर छोडऩे में लगता है डर
शहर में बढ़ती चोरियों की वारदात को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। पुलिस तंत्र की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे है। लोगों का कहना है कि दिनोदिन चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। सूना मकान पाकर उसको निशाना बना लेते हैं। ऐसे में अब तो घर को सूना छोडऩे में डर लगने लगा है।

चार मकानों के ताले तोड़ चुराए एक लाख नकद व जेवरात
पेचकी बावड़ी. पेचकी बावड़ी क्षेत्र में बुधवार रात को चार घरों में चोरी की वारदातें हुई। चारों ने घरों से लगभग एक लाख रुपए की नकदी व जेवरात चुरा लिए। घटना का पता लगने पर ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरियों को लेकर रोष व्यक्त किया। बीते पंद्रह दिन में दुबारा हुई वारदात से ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी जाहिर की है। रात को क्षेत्र के बावड़ी खेड़ा व मंशीपुरा गांव में अज्ञात चोरों ने करीब आधा दर्जन घरों के ताले तोड़ दिए। जिसमें से चार घरों में से नगदी, जेवर व एक मोटरसाइकिल को ले गए। ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने मुकेश के घर से 50 हजार, सत्यनारायण के घर से 25 हजार, चांदी के पायजेब व एक सोने की राखड़ी चुराई है। वहीं महेंद्र के घर से 18 हजार व राधेश्याम के घर से 12 हजार नकद चुराकर ले गए। इसके अलावा चोर विजय सिंह की मोटरसाइकिल को ले गए। जो लकड़ेश्वर महादेव रोड के पास मिली। जिसका आगे का पहिया खोलकर टायर, रिंग व ट्यूब को चुरा ले गए। चोर मोटरसाइकिल को वहीं छोड़ गए। सूचना पर पुलिस चौकी पगारा इंचार्ज श्योराज मीणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि गत 4 जून को भी चोरों ने दिन दहाड़े कालामाल व बासनी गांव में सूने मकानों के ताले तोडकऱ चोरी की वारदात की थी। यहां भी नकदी व जेवरात चुराए थे। लेकिन आज तक पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पाई।

Published on:
22 Jun 2018 12:13 pm