बूंदी

Bundi Accident: ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलटी, चालक और मजदूरों ने कूदकर बचाई जान

बूंदी जिले के तालेड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। NH-52 बायपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खोदी गई गहरी खाई में पलट गई। वहीं एक अन्य हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए।
2 min read
Aug 25, 2026
bundi accident
Bundi Accident: हादसे के बाद खाई में पलटा ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली (फोटो-पत्रिका)

बूंदी। तालेड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 बायपास पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खोदी गई खाई में जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक और मजदूरों ने समय रहते कूदकर जान बचा ली और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी अनुसार मोहीपुरा स्थित ईंट-भट्टे से ईंट लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली बूंदी से कोटा की ओर जा रही थी। तालेड़ा बायपास के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लिंक रोड के चौड़ीकरण के लिए खोदी गई गहरी खाई में जा गिरे। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसमें भरी ईंटें भी सड़क किनारे बिखर गईं।

हादसे की सूचना पर तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को खाई से बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू की।

खुदाई से बढ़ा हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि बायपास के पास लिंक रोड के चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे कई जगह गहरी खुदाई की गई है। बारिश के दौरान इन जगहों पर पानी भरने से वाहन चालकों को खाई का अंदाजा नहीं लग पाता। लोगों ने निर्माण एजेंसी से खाई के आसपास सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की है।

ट्रक की टक्कर से जीप में सवार पिता पुत्र घायल

तालेड़ा थाना क्षेत्र के बरुंधन तिराहे पर सोमवार रात को ट्रक ने जीप को टक्कर मार दी। जानकारी अनुसार खेरूना निवासी ओमप्रकाश सैनी और उसका पिता रामदेव अपने दो बच्चों के साथ जीप से गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रक ने उनकी जीप को टक्कर मार दी। हादसे में पिता पुत्र घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।

यह वीडियो भी देखें :

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके से भगाकर ले गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। ओमप्रकाश के साथ उनके दोनों बच्चे भी बोलेरो में सवार थे। गनीमत रही कि दोनों बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई तथा फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है

Updated on:
25 Aug 2026 06:46 pm
Published on:
25 Aug 2026 06:46 pm