रायथल तहसील के बंबोरी ग्राम पंचायत मुख्यालय के ग्रामीणों ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत से मंदिर के आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने, आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने ओर मंदिर की तोड़ी गई सीढिय़ों का पुनर्निर्माण करने की मांग की है।
खटकड़. रायथल तहसील के बंबोरी ग्राम पंचायत मुख्यालय के ग्रामीणों ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत से मंदिर के आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने, आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज करने ओर मंदिर की तोड़ी गई सीढिय़ों का पुनर्निर्माण करने की मांग की है।
उन्होंने ज्ञापन में बताया कि गांव में बैरवा समाज द्वारा बाबा रामदेव मंदिर बना हुआ है, जो लोगों की आस्था का प्रतीक है। ग्रामीणों द्वारा मंदिर की सीढिय़ां निर्माण करने पर आरोपी अवरोध पैदा करते है। निर्माण कार्य नहीं करने देते ओर आम रास्ते को कांटे की बाड लगाकर बंद कर दिया है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में भी रिपोर्ट दी है। इस पर ग्राम पंचायत प्रशासन ने उपखंड अधिकारी को पत्र लिखकर पुलिस जाप्ता की मांग की थी। उपखंड अधिकारी ने रायथल तहसीलदार नरोतम मीणा को मौके पर पुलिस जाप्ता के साथ पहुंच अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। इस पर सोमवार को तहसीलदार ने मौके पर पहुंच आम रास्ते का अतिक्रमण हटवाकर मंदिर की सीढिय़ों का निर्माण करवाया। बाद में तहसीलदार और पुलिस जाप्ता जाने के बाद आरोपियों द्वारा फिर से आम रास्ते को बंद कर सीढिय़ों को तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस थाना रायथल और तहसील कार्यालय में रिपोर्ट दी है। सोमवार रात्रि को ग्रामवासी संध्या आरती के समय मंदिर गए तो आरोपियों ने उन पर लकडिय़ों और सरियों से हमला कर दिया। जिससे लगभग दो दर्जन लोगों के चोटे आई है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने, घायलों का मेडिकल करवाने, आरोपियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने ओर सीढिय़ों का पुन: निर्माण करवाने की मांग की है।