क्षेत्र की डगारिया डिस्ट्रीब्यूटरी टेल क्षेत्र में सोमवार रात्रि को नहर ओवरफ्लो होकर छलक गई। नहर का पानी रास्ते और खेतों में भर गया।
नोताडा. क्षेत्र की डगारिया डिस्ट्रीब्यूटरी टेल क्षेत्र में सोमवार रात्रि को नहर ओवरफ्लो होकर छलक गई। नहर का पानी रास्ते और खेतों में भर गया।
सहकारी समिति के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह हाड़ा ने बताया कि नहर के छलकने से किसानों द्वारा जो समतल करवाया गया था उसमें पानी आने से रास्ता खराब हो गया जिससे किसानों को आने जाने व खेतों में खाद व छिडक़ाव के लिए ट्रैक्टर निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वही नहर छलकने से करीब बीस पच्चीस बीघा खेतों में गेहूं की फसल में पानी चला गया जबकि इन खेतों में पहले ही पानी दिया जा चुका है। जिससे गेहूं की फसल खराब होने का अंदेशा बना गया। हाड़ा ने बताया कि नहर ओवरफ्लो होने की समस्या को लेकर अधिकारियों को पूर्व में भी अवगत करवा रखा है, लेकिन इसके बावजूद भी यहां पर अधिकारियों द्वारा कोई मॉनिटरिंग नहीं की जा रही है।
पिछले वर्ष भी इस जगह पर दो बार नहर छलकी थी और इस बार भी यही हालात हुए हैं। वहीं सीएडी के कनिष्ठ अभियंता विष्णु सैनी ने बताया की रात को अचानक पानी बढ़ गया था जिसके कारण नहर छलक गई। पिछले सात दिन से अच्छा पानी चल रहा है जिससे किसानों को डिमांड कम है इसके चलते पानी ज्यादा आ गया। सूचना मिलते ही तुरंत पानी कम करवा दिया गया है।