
बूंदी. जिले के नैनवां में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंताओं के ठेकेदार पर मेहरबान होने से राज्य राजमार्ग- 34 पर नैनवां से टोंक जिले की सीमा तक अधूरा छोड़ा गया पेच रिपेयर अभी तक पूरा नहीं हो पाया। राज्य राजमार्ग पर नैनवां से टोंक जिले की सीमा तक अधूरे ही पेच रिपेयर हो रहे हैं।
12 किमी मार्ग पर बीच-बीच में कई स्थानों पर पेच रिपेयर नहीं किए गए, जिससे पेच रिपेयर के बाद सडक़ पर गड्ढे रह गए थे। ठेकेदार ने पेच रिपेयर में छोड़ी कमियों को ढाकने के लिए सुवानिया मोड़ तक गड्ढों को मिट्टी से भर दिया था।
राजस्थान पत्रिका ने 28 दिसम्बर को मिट्टी के मरहम से किया सडक़ के घावों का उपचार शीर्षक से खबर प्रकाशित कर मामला उजागर किया। इसके बाद निर्माण विभाग के अभियंताओं ने गड्ढों में भरी मिट्टी को तो उठवा दिया, लेकिन ठेकेदार पर मेहरबान होने से अभी तक गड्ढों पर डामर से पेच रिपेयर नहीं करवाया।
कर दी खानापूर्ति
क्षतिग्रस्त हो रही राज्य राजमार्ग-34 की सडक़ की मरम्मत के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को डामर से पेच रिपेयर करने का कार्यादेश दिया था। राज्य राजमार्ग पर नैनवां से सुवानियां मोड़ तक ठेकेदार ने आधे गड्ढों में तो डामर से पेच रिपेयर कर दिया था। बाकी गड्ढों में चार दिन पूर्व मिट्टी डालकर पेच रिपेयर कर दिया, ठेकेदार ने डामर से पेच रिपेयर करने की बजाए गड्ढों में मिट्टी भर दी थी। सडक़ पर डाली मिट्टी को हटाकर डामर से ही पेच रिपेयर करने थे। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। पूर्व में भी ग्रामीणों ने इस सम्बंध में शिकायत की थी, लेकिन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते लोगों की परेशानी बरकरार है।
ठेकेदार को डामर से पेच रिपेयर करने के लिए कह दिया है। अभी सर्दी का मौसम होने से पेच रिपेयर नही कर पाया होगा।
आरके लोहमी, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग