बूंदी

सर्दी में ही ढोना पड़ गया पानी

पेयजल लाइन को ठीक किए बिना भर दी मिट्टी,सीवरेज ठेकेदार की लापरवाही से लोगों को नहीं मिला पेयजल, आम जन की हो रही मशक्कत
2 min read
• •
Updated: 3 Jan 2018, 4:39 PM IST
The haul winter have been water

बूंदी. सीवरेज कार्य में बरती जा रही लापरवाही से आमजन की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही। स्वीटहोम कॉलोनी में पांच दिन पहले तोड़ी गई पेयजल आपूर्ति की सरकारी लाइन को बिना ठीक करें ही मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया गया। ऐसे में कॉलोनी के कई घरों में तीन दिन से जलापूर्ति नहीं हो रही।

लोगों की शिकायत के बाद मंगलवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारी कॉलोनी में पहुंचे। जहां पर उन्होंने सीवरेज ठेकेदार की ओर से बंद कराए गए गड्ढे को वापस खुदवाया। जिसमें पेयजल लाइन टूटी हुई नजर आई, लाइन में मिट्टी भरी हुई थी। जलदाय विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि सीवरेज ठेकेदार ने लाइन को सही किए बिना मिट्टी भर दी।

जिससे लोगों के घरों में जलापूर्ति नहीं हुई। क्षेत्र के विशाल यादव, महावीर कुशवाह सहित अन्य लोगों ने सीवरेज कार्य करने वालों के प्रति नाराजगी जाहिर की। लोगों की नाराजगी के बाद लाइन को ठीक किया गया। लोगों ने बताया कि तीन दिन से घरों में पानी नहीं आया।

पानी नहीं आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अन्य क्षेत्रों में जाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ी। इससे पानी लाने में काफी मशक्कत हुई। यदि समय रहते जलदाय विभाग के कर्मचारी इस समस्या पर ध्यान देते तो काफी राहत मिल सकती थी।
बरत रहे लापरवाही
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में काफी समय से सीवरेज का कार्य चल रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन पेयजल लाइनों को तोड़ा जा रहा है। इससे सर्दी में ही जल संकट की स्थिति बनी हुई है। वहीं सड़कें भी बदहाल हो रही है। इससे आवागमन में बाधा हो रही है। आए दिन वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पूर्व में इस समस्या के बारे में बताया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे आवागमन में परेशानी बरकरार है।

Published on: