हिण्डोली थाना क्षेत्र के ग्राम बसोली मोड़ के निकट सथूर जीएसएस के सामने रविवार सुबह एक पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट जाने से उसमें सवार एक महिला व पुरुष की मौत हो गई।
बूंदी। हिण्डोली थाना क्षेत्र के ग्राम बसोली मोड़ के निकट सथूर जीएसएस के सामने रविवार सुबह एक पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट जाने से उसमें सवार एक महिला व पुरुष की मौत हो गई। वहीं 7 जने गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बूंदी चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया।
पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम मीणा ने बताया कि ब्यावर जिले के साकेतनगर थाना क्षेत्र के भेरू खेड़ा से एक दर्जन से अधिक महिला पुरुष एक सामाजिक कार्यक्रम में पिकअप में सवार होकर कोटा के निकट केवलनगर जा रहे थे। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 52 बसोली मोड़ के निकट विद्युत सब स्टेशन के सामने पिकअप अनियंत्रित हो गई। एवं पलटते हुई गड्ढे में चली गई, जिससे पिकअप में सवार मांगीलाल पुत्र जीवन (45) एवं लालीबाई पत्नी छोटूलाल (45) निवासी भेरूखेड़ा थाना साकेतनगर की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सात जने रामदेव पुत्र दाया, छोटुलाल पुत्र नारायण, संतोष पत्नी लालाराम, रोजीबाई पत्नी भंवर लाल, ढगलाराम पुत्र दयाल जयराम पुत्र हजारीलाल एवं तीन वर्षीय जीनू पुत्र लालाराम निवासी भेरूखेड़ा जिला ब्यावर गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बूंदी चिकित्सालय में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां पर उनका उपचार जारी है। वहीं घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है।