
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो- पत्रिका)
एक कलयुगी पिता ने अपनी शराब की लत को पूरा करने के लिए अपनी ही मासूम बेटी का सौदा कर दिया। 20 अप्रैल को नाबालिग की शादी तय कर दी। जिसके बाद डरी हुई नाबालिग ने घर से भागकर सीधे जिला कलेक्ट्रेट की शरण ली। शनिवार को जब बच्ची ने कार्यवाहक कलेक्टर रामकिशोर मीणा के सामने अपनी आपबीती सुनाई तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई। मामला बूंदी जिले के रायथल थाना क्षेत्र का है।
कलेक्ट्रेट पहुंची नाबालिग ने प्रशासन को बताया कि उसके पिता शराब के बुरी तरह आदी हैं। अपनी इस लत को पूरा करने के लिए उन्होंने बेटी का 4 लाख रुपए में सौदा कर दिया। बच्ची की शादी जबरन एक 40 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति से तय कर दी गई थी। घर पर जब शादी की तैयारियां शुरू हुईं और विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया तो बच्ची ने वहां से भागना ही बेहतर समझा। उसने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि वह पढ़ना चाहती है और इस 'सौदे' की भेंट नहीं चढ़ना चाहती। बच्ची ने कहा, मुझे बचा लो साहब..।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक कलेक्टर रामकिशोर मीणा ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने बच्ची के आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच करवाई, जिसमें उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। चाइल्ड लाइफ टीम को मौके पर बुलाकर बालिका को उनकी सुरक्षा में सौंप दिया। कार्यवाहक कलेक्टर ने कहा कि यह मामला केवल बाल विवाह का नहीं, बल्कि बालिका के साथ हुए अमानवीय कृत्य का है, जिसमें कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चाइल्ड लाइफ जिला समन्वयक रामनारायण गुर्जर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम कलेक्ट्रेट पहुंची और बालिका को सुरक्षित कस्टडी में लिया। इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पोद्दार के समक्ष पेश किया गया। टीम ने शहर के कोतवाली थाने में इस पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता ने बालिका को शादी के नाम पर मोटी रकम लेकर बेचा था, जो कि एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल बालिका को 20 अप्रैल तक चाइल्ड लाइफ की सुरक्षा हिरासत में रखा गया है। कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य ने बताया कि संबंधित रायथल थाना पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। बाल कल्याण समिति ने कहा कि बच्ची की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि इस सौदेबाजी में पिता के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।
Published on:
05 Apr 2026 12:40 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
