शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई होनी थी एक मीटर गहराई तक, ठेकेदार ने रात के अंधेरे में ही एक फीट खुदाई कराकर ही पाइप लाइन बिछा दी। पांच दिन तक अधिकारी चुप्पी साधे बैठे रहे। जबकि पाइप लाइन के लिए जलदाय विभाग कार्यालय से ही खुदाई शुरू हुई थी।
नैनवां. शहर में पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई होनी थी एक मीटर गहराई तक, ठेकेदार ने रात के अंधेरे में ही एक फीट खुदाई कराकर ही पाइप लाइन बिछा दी। पांच दिन तक अधिकारी चुप्पी साधे बैठे रहे। जबकि पाइप लाइन के लिए जलदाय विभाग कार्यालय से ही खुदाई शुरू हुई थी। मामला उजागर हुआ तो पाइप लाइन बिछ जाने के बाद विभाग के अधिकारी जागे। अब बोल रहे कि ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया। पाइप लाइन को बाहर निकलवाया जाएगा। दोबारा एक मीटर गहरी खुदाई करवाकर पाइप डलवाई जाएगी।
विभाग द्वारा शहर में जलदाय विभाग के कार्यालय में नए पम्प हाउस का निर्माण कराया था। पम्प हाउस से मोटर मार्केट के पास उच्च जलाशय में पानी पहुंचाने के लिए सडक़ के किनारे पांच दिन पहले ही पाइप लाइन डाली गई थी। शिड्यूल के अनुसार एक मीटर गहराई तक खुदाई कराकर पाइप लाइन बिछानी थी। विभाग के सूत्रों की माने तो कुछ जगह डेढ़ फीट तो कुछ जगह तो एक फीट ही खुदाई करवाई गई।
बस स्टैंड के प्रवेश द्वार व निकास द्वार, सुभाष कॉलोनी व उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सामने तो खुदाई एक फीट गहराई पर ही पाइप लाइन बिछा दी। जबकि इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। गहराई इतनी कम है कि भारी वाहनों की आवाजाही से पाइप लाइन के टूटने का खतरा रहेगा। जलदाय विभाग की सहायक अभियन्ता जसोदा डिडवानिया ने शुक्रवार को कार्यालय के बाहर जिस स्थान पर पाइप लाइन डालने के लिए की गई खुदाई देखने पहुंची तो वहां पर खुदाई डेढ़ फीट भी नहीं मिली तो ठेकेदार को उस हिस्से में पाइप लाइन डालने से रोक दिया।
निर्देश दिए है
विभाग की सहायक अभियंता जसोदा डिडवानिया का कहना है कि विभाग के शेड्यूल के अनुसार पाइप लाइन डालने के लिए एक मीटर की गहराई तक खुदवाई होनी थी, लेकिन ठेकेदार ने शिड्यूल से कम खुदवाई करवाई। कुछ हिस्से में पाइप लाइन बिछाकर मिट्टी से ढक भी दिया। ठेकेदार को नोटिस जारी कर बिछाई गई पाइप लाइन को बाहर निकलवाकर एक मीटर की गहराई तक दोबारा डालने के निर्देश दिए है।
दोबारा होगी खुदवाई
अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार शर्मा का कहना है कि मामला सामने आने पर अधिशासी अभियंता को निर्देश देकर नियमानुसार एक मीटर की खुदवाई करवाकर पाइप लाइन बिछवाने को कहा है।