बूंदी

टोंक से लापता छात्र का शव फंदे से लटका मिला

-मौत के कारणों का खुलासा नहीं-दादा ने दर्ज करा रखी थी गुमशुदगी-पिता का इकलौता पुत्र था
2 min read
• •
Updated: 4 Aug 2018, 8:19 PM IST
tonk se laapata chhaatr ka shav phande se lataka mila
टोंक से लापता छात्र का शव फंदे से लटका मिला

नैनवां. टोंक जिले से घर से लापता एक १४ वर्षीय छात्र का शव शनिवार को करीब पचास किलोमीटर दूर नैनवां थाना क्षेत्र के कासपुरिया गांव के माळ में टापरी के बाहर बलिण्डे पर शर्ट के फंदे से लटका मिला। मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने से पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया है। जिसमें गले में फंदे के निशान मिले हैं। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि कासपुरिया गांव निवासी शोजीलाल मीना शनिवार सुबह अपने खेत पर पहुंचा तो टापरी के बाहर एक छात्र का शव फंदे से लटका मिला। शव छात्र की स्वयं की शर्ट से लटका हुआ था। मौके पर साइकिल मिली, जो भी छात्र की निकली। खेत मालिक ने नैनवां थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाधिकारी लखनलाल मीना व डयूटी आफिसर सत्यनारायण चौधरी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से शव को नीचे उतरवाया। तब तक किशोर की शिनाख्त नही हो पाई थी। पुलिस ने मौत का कारण संदिग्ध मानते हुए शव का तीन चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।
सोशल मीडिया से हुई शिनाख्त
फंदे पर लटके शव का फोटो पहचान के लिए लोगों ने सोशल मीडिया पर डाल दिया। थोड़ी देर बाद ही शव की शिनाख्त हो गई। शव टोंक जिले के बिठोला गांव निवासी बंटी गुर्जर पुत्र धर्मराज गुर्जर का निकला। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी व पोस्टमार्टम के लिए शव को नैनवां सामुदायिक चिकित्सालय लाए। मृतक बंटी पिता का इकलौता पुत्र था, जो टोंक के संतोष नगर में अपने मकान में दादा-दादी के पास रहकर नवीं कक्षा में पढ़ रहा था। वह शुक्रवार को सुबह घर से कोचिंग क्लास में गया था, तब से ही लापता था। दोपहर तक वापस घर नहीं पहुंचा तो दादा ने दोपहर को टोंक के सदर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विसरा जांच रिपोर्ट में होगा खुलासा
शव का पोस्टमार्टम चिकित्सक डॉ. विनीत गुप्ता, डॉ. सतीश सक्सेना व डॉ. एलपी नागर के मेडिकल बोर्ड ने किया था। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि शव पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। गले में फंदे के निशान मिले हैं। मौत के कारण संदिग्ध लगने से विसरा लिया है। विसरा की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
आखिर इतनी दूर आया कैसे
टोंक से 50 किमी दूर कासपुरिया गांव के माळ में खेत पर फंदे से झूलते मिले शव ने मामला पेचीदा बना दिया है। किशोर ख्ुाद फंदे पर झूला या उसे लटकाया गया। इसके बारे में पुलिस फिलहाल कुछ भी नहीं कह पा रही है। परिजनों से भी इस मामले में कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई।
-छात्र के टोंक से इतनी दूर आकर फंदे पर लटकने से मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल इस मामले में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। मामला संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
राजाराम मीना, पुलिस उपाधीक्षक नैनवां

Published on: