बूंदी

Bundi : उपखंड अधिकारी कार्यालय में 2 घंटे धरना, डॉग बाइट पीड़ित छात्रा के लिए न्याय की मांग

उपखंड के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल बरूंधन में 9 वर्षीय छात्रा के साथ स्ट्रीट डॉग द्वारा किए गए हमले के बाद इस मामले में कार्रवाई नहीं होने से लगातार मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

2 min read
Feb 17, 2026
तालेड़ा. धरने पर बैठे लोग।

तालेड़ा. उपखंड के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल बरूंधन में 9 वर्षीय छात्रा के साथ स्ट्रीट डॉग द्वारा किए गए हमले के बाद इस मामले में कार्रवाई नहीं होने से लगातार मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी मामले को लेकर मंगलवार को भाजपा पूर्व जिला प्रवक्ता अनिल जैन की अगुवाई में छात्रा के पिता नरेश सेन सहित परिजन और ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी कार्यालय में छात्रा के न्याय की मांग को लेकर दो घंटे से अधिक तक धरने पर बैठे रहे ।

इस दौरान ग्रामीणों ने उपखंड प्रशासन एवं जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेता अनिल जैन ने बताया कि 12 फरवरी को राजकीय मॉडल स्कूल बरूंधन की छात्रा पर डॉग के हमले से उसकी पसलियां टूट गई और शरीर पर बीस से अधिक घाव है उसके बाद तालेड़ा थाने में छात्र के पिता नरेश सेन की ओर से संस्था प्रधान और विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए रिपोर्ट दी गई थी, लेकिन उसमें भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने आरोप लगाया कि उपखंड अधिकारी द्वारा की गई जांच भी गोलमोल करके जिला प्रशासन को भेज दी गई। इसके विरोध में यह धरना दिया गया है। बाद में उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश और तालेड़ा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने पहुंचकर धरनार्थियों को आश्वस्त किया। इसके बाद धरनार्थियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया। इस दौरान ग्रामीण मुकेश गुर्जर, हरिशंकर मीना, हंसराज गुर्जर, बद्री विशाल शर्मा, मुकेश सेन, कुलदीप मीणा, अजय गुर्जर, लोकेश सेन, प्रेम सेन, शुभम पंचोली, मनोज गुर्जर सहित कई ग्रामीण धरने पर मौजूद रहे ।

बाद में पहुंची एसडीएम
जब दोपहर एक बजे के लगभग सभी ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे तो एसडीएम कार्यालय पर मौजूद नहीं थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय धरना शुरू कर दिया। धरना शुरू करने के लगभग 1 घंटे बाद एसडीएम कार्यालय पर आई और धरनार्थियों से चर्चा कर मामले को शांत करवाया। इस दौरान तालेड़ा थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज मय जाप्ते के मौके पर मौजूद रहे।

अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया
भाजपा नेता अनिल जैन ने बताया कि 15 फरवरी को ही छात्रा के पिता नरेश सेन ने तालेड़ा थाने में पहुंचकर थाना अधिकारी को संस्था प्रधान एवं विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध लापरवाही का मुकदमा दर्ज करने के लिए परिवाद दिया था
अभी तक इस मामले में तालेड़ा पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Also Read
View All

अगली खबर