बूंदी

उच्च शिक्षा मंत्री से कहा, सरकार रखे सकारात्मक रवैया जयपुर पहुंचे छात्र

नैनवां के बीएजेएम कॉलेज को सरकारी करने का मामला
2 min read
Jun 17, 2018
uchch shiksha mantree se kaha, sarakaar rakhe sakaaraatmak ravaiya jay
उच्च शिक्षा मंत्री से कहा, सरकार रखे सकारात्मक रवैया जयपुर पहुंचे छात्र

नैनवां. नैनवां के बीएजेएम कॉलेज को सरकारी करने के मामले में नैनवां के छात्रों का प्रतिनिधिमण्डल रविवार को जयपुर में उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी के पास जा पहुंचा। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जयेश शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों ने मंत्री से कहा कि २१ जून को सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव के यहां होने वाली सुनवाई में सरकार का रुख सकारात्मक रहे। ताकि छात्रों को अध्ययन के लिए अच्छा माहौल मिल सके। उन्होंने कहा कि बैठक में सरकार कॉलेज को सरकारी करने के मामले में पूरी तरह से सकारात्मक पहल करे। इस पर उच्च शिक्षामंत्री ने कहा कि सरकार का रवैया पूर्ण रूप से सकारात्मक है। आयुक्तालय में भी लगातार इस मसले पर बात हो रही है। शीघ्र ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
बालाजी की पूजन कर किए पाठ
नैनवां कॉलेज को सरकारी कराने की मांग को लेकर चल रही मुहिम के तहत रविवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बरड़ा के बालाजी के यहां पूजन की। इसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ किए। एबीवीपी विद्यार्थी विकास प्रकल्प के संयोजक ने बताया कि सोमवार को बीएजेएम महाविद्यालय विकास समिति की बैठक है। समिति के अध्यक्ष व उपखंड अधिकारी से मिलकर बैठक में कॉलेज को सरकारी करने के पक्ष में रिपोर्ट देने की मांग करेंगे। सोमवार को बंबूली के विद्यार्थी व अभिभावक धरने पर बैठेंगे। इस दौरान एबीवीपी विद्यार्थी विकास प्रकल्प के संयोजक दिलखुश पोटर, विद्यार्थी प्रमुख कमलेश नागर, सहसंयोजक ओ.पी मीणा, दिनेश नागर, दीपक चौपड़ा सहित कई लोगों ने हनुमान चालीसा के पाठ किए।
रणथंभोर गणपति व बरवाड़ा की चौथमाता से मांगी मन्नत
कॉलेज को सरकारी करने की मांग के समर्थन में शिक्षक युवामोर्चा के पदाधिकारियों ने रणथंभोर गणेश व बरवाड़ा स्थित चौथमाता के दर्शन कर कॉलेज को सरकारी करने की मन्नत मांगी। इस दौरान पंकज जैन, अमित शर्मा, शैतान मीणा, महेश दाधीच, शिव शर्मा, मोहन शर्मा, रामधन चौधरी सहित कईलोग मौजूद थे।

Published on:
17 Jun 2018 07:59 pm