बूंदी

हाई-वे ५२ पर तीन घंटे रेंगते रहे वाहन

हाई-वे ५२ पर बूंदी रेलवे स्टेशन से चित्तौड़ चौराहा फ्लाई ओवर के बीच रविवार सुबह बॉयलर मुर्गे से भरी पिकअप का टायर फट गया।
less than 1 minute read
Jun 18, 2018
Vehicles crawling on Highway 52 for three hours
Vehicles

बूंदी. हाई-वे ५२ पर बूंदी रेलवे स्टेशन से चित्तौड़ चौराहा फ्लाई ओवर के बीच रविवार सुबह बॉयलर मुर्गे से भरी पिकअप का टायर फट गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी जिससे पिकअप हाई-वे पर पलट गई। पिकअप में भरे मुर्गे नीचे दबने से मर गए। हाई-वे पर यातायात थम गया। करीब तीन घंटे में पिकअप हटने के बाद यातायात बहाल हुआ।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह ६ बजे कोटा की ओर से बॉयलर मुर्गे से पिकअप जा रही थी। छत्रपुरा रोड घुमाव से थोड़ा आगे पिकअप का टायर फट गया। इसी दौरान पीछे चल रहे ट्रक की गति अधिक होने से ब्रेक नहीं लगे और सीधे पिकअप से जा भिड़ा। पिकअप बीच सडक़ पर पलट गई।पिकअप में भरे मुर्गे चपेट में आ गए। देर तक दबे रहने से मुर्गों की मौत हो गई। पिकअप के बीच सडक़ पर पलटने से हाई-वे पर यातायात थम गया।
बाद में क्रेन की मदद से पिकअप को हटाया और मुर्गों को समेटा तब करीब नौ बजे यातायात बहाल हुआ।
वाहन चालकों को हुई परेशानी
हाई-वे की एक लेन पर वाहनों की गति थमने से कई लोगों को परेशानी हुई। करीब तीन घंटे तक छोटे वाहन भी रेंगते हुए निकले। बड़े वाहनों को एक तरफ रुकना पड़ा।
हाई-वे पेट्रोलिंग को करते रहे सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मदद के लिए हाई-वे पेट्रोलिंग को सूचना करते रहे, लेकिन हाई-वे पेट्रोलिंग का वाहन दूर-दूर तक नजर नहीं आया। इससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सडक़ किनारे फैली दुर्गंध
दुर्घटना में मरे मुर्गों को वाहन चालक ने हाई-वे किनारे फैंक दिया, इससे आस-पास दुर्गंध फैल गई। लोगों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन वह सभी की बात को अनसुना करते रहे। सूचना मिलने पर कुछ लोग पहुंचे और जो मुर्गें जिंदा थे उन्हें उठा ले गए।

Published on:
18 Jun 2018 03:35 pm