
Burhanpur news. छोटे बच्चों में टाइप-1 डायबिटिज (मधुमेह) की बीमारी बढ़ रही है। जिसकी रोकथाम कर बचपन को सुरक्षित करने के लिए भारत सरकार द्वारा मिशन मधुहारी शुरू किया गया है। जिला अस्पताल में हर शुक्रवार को विशेषज्ञ डॉक्टर बीमारी से पीडि़त बच्चों का चेकअप करने के साथ वैक्सीन,दवाई सहित उपकरण नि:शुल्क दिए जाएंगे साथ ही नियमित मॉनिटरिंग भी होगी।
जिले में पांच से 12 साल के 10 बच्चे टाइप-1 डायबिटिज के पीडि़त सामने आए है। बचपन को सुरक्षित करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा नवाचार कर मिशन मधुहारी से यूनिट शुरू किया गया है। टाइप-1 मधुमेह से ग्रस्त ऐसे बच्चों-किशोरों के लिए संचालित होगा, जिनकी आयु 18 वर्ष से कम हो। हेल्थ फॉलोअप, नियमित उपचार और दवा वितरण हर शुक्रवार को किया जाएगा। इस दिन विशेषज्ञ एमडी और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर चेकअप करेंगे। बच्चों को नि:शुल्क इंसुलीन, एक-एक ग्लूको मीटर तथा प्रतिमाह के लिए 100 की संख्या में ग्लूको स्ट्रिप दी जाएगी।
मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर गौरव थवानी ने बताया कि टाइप-1 डायबिटिज एक स्व-प्रतिरक्षित बीमारी है। जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से अग्नाशय की उन कोशिकाओं को नष्ट कर देती है जो इंसुलिन बनाती हैं। बच्चों में इसके सामान्य लक्षण जैसे अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन घटना और लगातार थकान महसूस होना आदि हैं। इन लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। मिशन मधुहारी बच्चों में मधुमेह के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला अस्पताल में मिशन मधुहारी के लिए अलग से यूनिट तैयार किया गया है। 24 नवंबर से यूनिट शुरू हो रहा है। एक टीम बच्चों पर फोकस करेगी साथ ही नियमित चेकअप कर मॉनिटरिंग की जाएगी। पुराने मरीजों का फॉलोअप करने के साथ जिला अस्पताल सहित अन्य जगहों पर कोई नया बच्चा इस बीमारी से पीडि़त पाया जाएगा तो उसका भी पंजीयन कर नित्नशुल्क इलाज किया जाएगा।