बुरहानपुर

‘एमपी का शाहजहां’, अपनी ‘मुमताज’ को गिफ्ट में दे दिया ताजमहल

MP News: ताजमहल का नाम आते ही अगर आप भी मुगल शासक शाहजहां को याद करते हैं, तो अब आपके जहन में एक और नाम उतार लीजिए, क्योंकि एमपी के एक व्यापारी ने भी अपने प्रेम को दुनिया के सामने मिसाल बना दिया है, बुरहानपुर में पत्नी के लिए ताजमहल बनवाकर चर्चा में आए थे एमपी के आनंद प्रकाश चौकसे... हुबहू ताजमहल देखकर हर कोई रह जाता है हैरान..

5 min read
Tajmahal in MP: मध्य प्रदेश का ये ताजमहल देखने दूर-दूर से आते हैं लोग, पति-पत्नी के प्रेम का अनूठा अंदाज (फोटो सोर्स: सोशल मीडिया)

MP News: एक शहंशाह ने बनवाने हंसी ताजमहल, सारी दुनिया को मोहब्बत की निशानी दी है…ये गीत, जो शाहजहां और मुमताज की अमर प्रेम कहानी को बयां करता है, आज मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक बार फिर जीवंत हो उठा है। यहां के एक बिजनेसमैन, आनंद प्रकाश चौकसे, ने अपनी पत्नी मंजूषा के लिए हूबहू ताजमहल जैसा खूबसूरत घर बनाकर तोहफे में दे दिया। यह घर, जो आज मिनी ताजमहल के नाम से मशहूर हो रहा है, मोहब्बत की एक नई मिसाल बन गया है।

मोहब्बत की अनूठी निशानी

बुरहानपुर के शिक्षा जगत से जुड़े आनंद प्रकाश चौकसे ने अपनी पत्नी मंजूषा के लिए यह चार बेडरूम वाला आलीशान घर बनवाया है, जो दुनिया भर में प्रेम की अनूठी कहानी सुनाते मशहूर ताजमहल की हुबहू नकल है। इस घर की खूबसूरती और भव्यता देख हर कोई हैरान हो जाता है। संगमरमर की नक्काशी, गुंबदों का डिजाइन और ताजमहल की शाही शैली को इस मिनी ताजमहल पर भी बारीकी से उकेरा गया है।

आनंद ने बताया, यह घर उन्होंने अपनी पत्नी औप परिवार के लिए बनवाया है। ये मेरे प्यार का प्रतीक है। इसमें शांति और सकारात्मकता का माहौल है।

MP Tajmahal (फोटो सोर्स: पत्रिका)

प्यार का अनोखा अंदाज


आनंद का यह अनूठा तोहफा न केवल उनकी पत्नी के लिए, बल्कि पूरे बुरहानपुर के लिए गर्व का विषय बन गया है। इस मिनी ताजमहल घर को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह न सिर्फ एक घर है, बल्कि प्यार और समर्पण की जीती-जागती मिसाल है। उनका कहना है कि ताजमहल मोहब्बत की निशानी है या नहीं, इस बहस को छोड़कर इस जोड़े ने अपनी प्रेम कहानी को अमर कर दिया है।

MP Tajmahal Outside (फोटो सोर्स: पत्रिका)

कैसे बना यह सपना हकीकत?

आनंद को हुबहू ताजमहल जैसा ये घर बनवाने में ढाई से तीन साल का लंबा इंतजार करना पड़ा। इसे बनाते वक्त छोटी-बड़ी डिटेल का पूरा ध्यान रखा गया, ताकि यह ताजमहल की तरह भव्य और आकर्षक नजर आए।

MP Tajmahal Gift for wife (फोटो सोर्स: पत्रिका)

घर के अंदर चार बेडरूम, एक विशाल मेडिटेशन हॉल और ताजमहल की शैली में सजावट इसे और खास बनाती है। आनंद ने हंसते हुए कहा, शाहजहां ने अपनी मुमताज के लिए ताजमहल बनवाया था, और मैंने अपनी मंजूषा के लिए यह घर बनवाया है, मेरी मुमताज अभी जिंदा है।

सोशल मीडिया पर चर्चा

मध्य प्रदेश का ये मिनी ताजमहल अक्सर सोशल मीडिया पर छाया रहता है। लोग इस जोड़े की तारीफ करते हैं और इसे प्यार की सच्ची मिसाल बताते हैं। एक यूजर ने इसके बारे में लिखा- यह है असली मोहब्बत, जो पत्थरों में नहीं, दिलों में बसती है। वहीं, कई लोग इसे मध्य प्रदेश का नया पर्यटन स्थल बताते हैं।

तकनीकी कारणों से शाहजहां यहां नहीं बनवा पाए थे ताजमहल


बता दें कि जिस ताजमहल को आज सारी दुनिया आगरा का नाम सुनते ही जहन-ओ-तस्वीर में उतार लेती है। वो दूधिया संगमरमरी पत्थरों से बना ताजमहल पहले मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में ही बनने वाला था। दरअसल शाहजहां ने एक वक्त बुरहानपुर में ही अपनी बेगम मुमताज के साथ गुजारा। मुमताज को यहीं दफनाया गया था। इसीलिए शाहजहां यहीं ताजमहल बनवाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन तकनीकी कारणों के चलते वे अपना ये सपना यहां पूरा नहीं कर सके और बाद में उन्होंने आगरा में ताजमहल का निर्माण करवाया था।

MP Tajmahal Inside Photos (फोटो सोर्स: पत्रिका)

आनंद ने पूरा किया अपना अनूठा सपना

आनंद कहते हैं कि, वे अपनी पत्नी और परिवार को कुछ अनूठा गिफ्ट देना चाहते थे। कुछ अलग और यूनिक करने की चाहत ने ही उन्हें ताजमहल बनवाने के लिए प्रेरित किया। हालांकि वे कहते हैं कि, उनका ताजमहल शाहजहां के ताजमहल का एक तिहाई हिस्सा है। जिस तरह शाहजहां के ताजमहल का मेजरमेंट मीटर में किया गया है, उनके ताजमहल को उतने ही फीट में बनाकर दिया गया है।

MP Tajmahal News in hindi (फोटो सोर्स: पत्रिका)

प्री-वेडिंग शूट कराने आते हैं कपल

मध्य प्रदेश का ये ताजमहल टूरिज्म प्लेस बनता जा रहा है। आनंद कहते हैं, जो लोग ताजमहल देखने आगरा नहीं जा पाते, वे यहां आकर अपनी हसरत पूरी करते हैं। आनंद का कहना है कि सबसे ज्यादा यहां कपल आने लगे हैं। उन्हें प्री-वेडिंग शूट करना होता है।

तीन साल में 500 कारीगरों ने तैयार किया था मिनी ताजमहल

बता दें कि हूबहू ताजमहल जैसा ये घर तीन साल में बनकर तैयार हुआ है। इसमें सूरत, आगरा और मकराना के लगभग 500 कारीगरों ने कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया है। इंजीनियर प्रवीण चौकसे बताते हैं कि इस घर का क्षेत्रफल मीनारों सहित 90 बाय 90 फीट है और इसका गुंबद 29 फीट ऊंचा है। घर की दीवारें 9-9 इंच मोटी हैं, जिनके बीच दो फीट का गैप रखा गया है। इनसे ये सालभर ठंडा रहता है।

मिनी ताजमहल की कीमत करीब 2 करोड़

इस अनोखे घर की कीमत 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। आनंद और उनकी पत्नी मंजूषा ने हुबहू ताजमहल जैसा घर बनवाने के लिए आगरा का ताजमहल और औरंगाबाद में बीबी का मकबरा (जिसे दूसरा ताजमहल कहते हैं) का दौरा किया, ताकि वे इनकी वास्तुकला को बारीकी से समझ सकें। इसके बाद इंजीनियर्स ने ताजमहल की 3डी इमेज की मदद से इस घर को तैयार किया।

'मेरी मुमताज अभी जिंदा है'

ये नया है इसलिए असली ताजमहल से ज्यादा सफेद लगता है। शाहजहां ने अपनी पत्नी की याद में आगरा में ताजमहल बनवाया था। मैंने अपनी पत्नी के लिए ये ताजमहल बनवाया है। मेरी मुमताज जिंदा है।
-आनंद चौकसे, व्यापारी, बुरहानपुर, एमपी

MP Tajmahal News (फोटो सोर्स: पत्रिका)

ताजमहल में स्टोन की नक्काशी, वो हमने सीमेंट से की

इसे बनाने वाले इंजीनियर और आर्किटेक्ट बताते हैं। हमारे लिए हूबहू ताजमहल तैयार करना मुश्किल था। लेकिन आनंद चौकसे सर ने हमे मोटिवेट किया। एक महीना ताजमहल की स्टडी करने में ही निकल गया। फिर हमने प्लानिंग की और तीन साल में मिनी ताजमहल बनाकर तैयार कर दिया। फर्क बस इसके आकार का है और इस पर की गई नक्काशी का, जो शाहजहां के ताजमहल में स्टोन से की गई है, उसे हमने सीमेंट से तैयार किया है।

-प्रवीण चौकसे, इंजीनियर

आनंद चौकसे जी की यह कहानी न सिर्फ प्रेम की गहराइयों को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सपने को हकीकत में बदलने की हिम्मत इंसान को कहां तक ले जा सकती है। बता दें कि मध्य प्रदेश का ये ताजमहल कुछ साल पहले ही बनवाया गया है। इसलिए ये ज्यादा साफ नजर आता है। लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर अक्सर वायरल हो जाता है। आपको कैसा लगा मिनी ताजमहल के रूप में प्यार जताने का ये अनूठा अंदाज, कमेंट में जरूर बताएं।


Updated on:
19 Jun 2025 12:10 pm
Published on:
16 Jun 2025 04:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर