
444 Days FD Interest Rates: भले ही आज के दौर में निवेश के कई नए विकल्प आ गए हों, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अभी भी एफडी को प्राथमिकता देते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है कि यहां जोखिम काफी कम रहता है। साथ ही तय रिटर्न मिलता है। निवेशक इस बात को लेकर आश्वस्त रहते हैं कि उसकी मूल रकम को कोई नुकसान नहीं होगा। बैंक अपने ग्राहकों को 7 दिन से लेकर 10 साल तक की अवधि वाली एफडी ऑफर करते हैं। इनमें से कुछ अवधियों पर अच्छी-खासी ब्याज दर ऑफर की जाती है। ऐसी ही एक एफडी 444 दिन की एफडी है। आइए जानते हैं कि इस एफडी पर कितनी ब्याज दर ऑफर हो रही है।
देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक एसबीआई अमृत वृष्टि नाम से 444 दिन की एफडी ऑफर कर रहा है। इस एफडी पर इस समय 6.45 फीसदी ब्याज ऑफर हो रहा है। वहीं, इस एफडी पर सीनियर सिटीजंस को 6.95 फीसदी ब्याज दर ऑफर हो रही है।
इंडियन ओवरसीज बैंक ने हाल ही में 444 दिन की एफडी पर ब्याज दर को बढ़ाया है। बैंक 3 करोड से कम डिपॉजिट पर इस अवधि के लिए 6.75 फीसदी ब्याज दर ऑफर कर रहा है।
केनरा बैंक 444 दिन की एफडी पर सामान्य नागरिकों को 6.65 फीसदी और सीनियर सिटीजंस को 7.15 फीसदी ब्याज दर ऑफर कर रहा है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 444 दिन की एफडी पर 6.65 फीसदी ब्याज दर ऑफर कर रहा है।
मान लीजिए आप एसबीआई की 444 दिन की एफडी में 5 लाख रुपये इन्वेस्ट करते हैं, जहां सामान्य नागरिकों को 6.45 फीसदी ब्याज मिल रहा है। इस निवेश में आपको मैच्योरिटी पर 5,40,551 रुपये मिलेंगे। यहां 40,551 रुपये आपकी ब्याज आय होगी। अगर आप इस एफडी में 10 लाख रुपये निवेश करते हैं, तो मैच्योरिटी पर आपको 10,81,102 रुपये मिलेंगे। यहां 81,102 रुपये आपकी ब्याज आय होगी। वहीं, अगर आप इस एफडी में 15 लाख रुपये इन्वेस्ट करते हैं, तो मैच्योरिटी पर आपको 16,21,652 रुपये मिलेंगे, जिसमें 1,21,652 रुपये ब्याज आय होगी। यहां बता दें कि 444 दिन की अवधि 1 साल 2 महीने 19 दिन के बराबर होती है।
| निवेश राशि | मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम | कुल ब्याज आय |
|---|---|---|
| ₹5,00,000 | ₹5,40,551 | ₹40,551 |
| ₹10,00,000 | ₹10,81,102 | ₹81,102 |
| ₹15,00,000 | ₹16,21,652 | ₹1,21,652 |
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।