कारोबार

8th Pay Commission: अभी 25,000, 35,000 या 50,000 है आपकी बेसिक सैलरी तो जानिए 8वें वेतन आयोग में क्या हो सकता है वेतन

8th Pay Commission Salary Hike: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स इंतजार कर रहे हैं। आयोग द्वारा मई-जून 2027 तक रिपोर्ट सौंपने की उम्मीद है। DA, HRA और दूसरे भत्तों में बदलाव से इन-हैंड सैलरी बढ़ सकती है।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:56 PM IST
8th Pay Commission
आयोग मई-जून 2027 तक रिपोर्ट सौंप सकता है। (PC: AI)

8th Pay Commission Latest News: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों का इंतजार है। इस आयोग के लागू होने के बाद कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह काफी हद तक नए फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगा। कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर लागू करने के प्रस्ताव रखे हैं। इन प्रस्तावों के पीछे महंगाई और कर्मचारियों की बढ़ती आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। अगर सरकार कर्मचारी संगठनों की ओर से सुझाए गए फिटमेंट फैक्टर को स्वीकार कर लेती है, तो मौजूदा बेसिक सैलरी में अच्छी बढ़ोतरी हो सकती है।

क्या होता है फिटमेंट फैक्टर और कैसे बढ़ती है सैलरी?

8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर सबसे अहम मुद्दों में से एक है। इसी के आधार पर कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक सैलरी को संशोधित किया जाता है। आसान भाषा में समझें तो फिटमेंट फैक्टर एक गुणक (Multiplier) होता है, जिससे मौजूदा बेसिक पे को गुणा करके नई बेसिक सैलरी निकाली जाती है।

नई बेसिक सैलरी का फॉर्मूला:

नई बेसिक पे = मौजूदा बेसिक पे × फिटमेंट फैक्टर

उदाहरण के लिए, 7वें वेतन आयोग में सरकार ने 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया था। इसके चलते केंद्रीय कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये से बढ़कर 18,000 रुपये हो गई थी। अब 8वें वेतन आयोग में कर्मचारी संगठनों की ओर से अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर की मांग की जा रही है। ऐसे में नया फिटमेंट फैक्टर जितना ज्यादा होगा, कर्मचारियों की संशोधित बेसिक सैलरी में उतनी ही अधिक बढ़ोतरी हो सकती है।

8वें वेतन आयोग के लिए कर्मचारी संगठनों के प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर

कर्मचारी संगठन / एसोसिएशनप्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर
मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन (MSA), सर्वे ऑफ इंडिया3.61
नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM), स्टाफ साइड3.833
भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS)4.00

प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर के आधार पर अनुमानित नई बेसिक सैलरी

मौजूदा बेसिक सैलरीMSA (3.61)NC-JCM (3.833)BPMS (4.00)
₹25,000₹90,250₹95,825₹1,00,000
₹35,000₹1,26,350₹1,34,155₹1,40,000
₹50,000₹1,80,500₹1,91,650₹2,00,000

ये अलग-अलग कर्मचारी संगठनों के प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर के आधार पर नई बेसिक सैलरी की अनुमानित गणना है। ये आधिकारिक या अंतिम वेतन के आंकड़े नहीं हैं। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि अंतिम वेतन मैट्रिक्स में आयोग अलग-अलग स्तरों पर कुछ बदलाव कर सकता है। इसके अलावा, राउंडिंग के नियम लागू कर सकता है। इसलिए केवल मौजूदा बेसिक पे को किसी प्रस्तावित फैक्टर से गुणा करना अंतिम सैलरी का पक्का आधार नहीं माना जा सकता।

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट कब तक आएगी?

केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को 8वें वेतन आयोग का गठन किया था। आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करने और सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस समय सीमा का एक बड़ा हिस्सा बीत चुका है। मौजूदा अनुमान के मुताबिक, आयोग मई-जून 2027 तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंप सकता है। रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद सरकार इसकी सिफारिशों पर विचार करेगी। इसके बाद ही कर्मचारियों की नई सैलरी और भत्तों को लेकर अंतिम तस्वीर साफ होगी।

क्या सिर्फ बेसिक सैलरी बढ़ेगी या इन-हैंड सैलरी भी ज्यादा मिलेगी?

8वें वेतन आयोग के लागू होने पर कर्मचारियों को मिलने वाली कुल सैलरी में भी बदलाव हो सकता है। हालांकि, नई बेसिक पे और हर महीने खाते में आने वाली रकम एक जैसी नहीं होती। केंद्रीय कर्मचारियों की कुल सैलरी में बेसिक पे के अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और दूसरे भत्ते भी शामिल होते हैं। नए वेतन ढांचे में महंगाई भत्ते को बेसिक सैलरी में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता वाला आयोग करेगा। इसके अलावा HRA और दूसरे भत्तों की गणना भी नए वेतन ढांचे के अनुसार की जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो कर्मचारियों की कुल सैलरी और इन-हैंड सैलरी दोनों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:56 PM IST
Published on: