कारोबार

एक IPO और Anthropic के 5100 कर्मचारी बन गए करोड़पति, 600 लोगों की नेटवर्थ 100 मिलियन डॉलर के पार

Anthropic के IPO ने कंपनी के कर्मचारियों की किस्मत बदल दी है। करीब 5,100 कर्मचारी करोड़पति बन गए हैं, जबकि 600 की हिस्सेदारी 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा है। इस दौलत से सैन फ्रांसिस्को में महंगे घरों की मांग बढ़ने की उम्मीद है।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 12:46 PM IST
Anthropic IPO
एंथ्रोपिक के कर्मचारी करोड़पति हो गए हैं। (PC: AI)

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही कंपनी Anthropic की शेयर बाजार में शानदार एंट्री ने उसके कर्मचारियों की किस्मत बदल दी है। कंपनी के करीब 5,100 कर्मचारी अब करोड़पति बन चुके हैं। इनमें से लगभग 600 कर्मचारियों की शेयर होल्डिंग की कीमत 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा बताई जा रही है। कंपनी की रिकॉर्डतोड़ लिस्टिंग ने टेक्नोलॉजी सेक्टर में कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को शेयर देने के फायदे की एक नई मिसाल पेश की है।

कंपनी की 96% वर्कफोर्स बनी करोड़पति

Claude AI चैटबॉट बनाने वाली एंथ्रोपिक में सितंबर तक करीब 5,300 कर्मचारी काम कर रहे थे। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, निजी कंपनियों के शेयरों की कीमत और कर्मचारियों की हिस्सेदारी पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म Hill.com के आंकड़ों से पता चलता है कि कंपनी के लगभग पूरे स्टाफ के पास अब करोड़ों रुपयों की हिस्सेदारी है। अनुमान के मुताबिक, करीब 5,100 कर्मचारियों यानी कंपनी की 96% वर्कफोर्स के पास 1 मिलियन डॉलर से ज्यादा कीमत के शेयर हैं। वहीं, करीब 2,800 कर्मचारियों की हिस्सेदारी 10 मिलियन डॉलर से ज्यादा की हो गई है। लगभग 600 कर्मचारी ऐसे हैं, जिनकी शेयर होल्डिंग 100 मिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर चुकी है।

81 अरब डॉलर जुटाकर शेयर बाजार में उतरी कंपनी

एंथ्रोपिक की आईपीओ से हुई कमाई और कर्मचारियों को मिले फायदे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कंपनी ने शेयर बाजार में डेब्यू से 81 अरब डॉलर जुटाए। कंपनी ने अपने शेयर का इश्यू प्राइस 83 डॉलर रखा था। नैस्डेक पर ट्रेडिंग के पहले दिन शेयर 111.50 डॉलर पर खुले। हालांकि, कारोबार खत्म होने तक इनकी कीमत 97.17 डॉलर पर आ गई। इसके बावजूद शेयर इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 17% की बढ़त के साथ बंद हुए। इस लिस्टिंग ने कंपनी के शुरुआती कर्मचारियों और लंबे समय से जुड़े लोगों को बड़ा आर्थिक फायदा पहुंचाया है।

कर्मचारियों को कैसे हुआ करोड़ों का फायदा?

सिलिकॉन वैली की टेक कंपनियों में कर्मचारियों को वेतन के साथ कंपनी के शेयर देना आम बात है। इसे स्टॉक बेस्ड कंपनसेशन कहा जाता है। कंपनियां अच्छे कर्मचारियों को अपने साथ जोड़े रखने के लिए उन्हें शेयर या इक्विटी देती हैं। जब कोई स्टार्टअप बड़ी कंपनी बनता है या शेयर बाजार में लिस्ट होता है, तो इन शेयरों की कीमत तेजी से बढ़ सकती है। इसके बाद कर्मचारी नियमों के तहत अपने शेयर बेचकर मोटी रकम हासिल कर सकते हैं।

एंथ्रोपिक के मामले में यह फायदा इसलिए भी बड़ा रहा, क्योंकि कंपनी ने बहुत कम समय में जबरदस्त तरक्की की है। साल 2021 में शुरू हुई इस कंपनी में 2024 के आखिर तक 1,000 से भी कम कर्मचारी थे। अब कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 5,300 तक पहुंच चुकी है।

स्पेसएक्स की लिस्टिंग से 4400 कर्मचारी बने थे करोड़पति

इस मामले में एंथ्रोपिक की तुलना एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से भी की जा रही है। स्पेसएक्स ने जून में शेयर बाजार में एंट्री की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की लिस्टिंग से करीब 4,400 कर्मचारी करोड़पति बने थे। हालांकि, स्पेसएक्स को इस मुकाम तक पहुंचने में दो दशक से ज्यादा का समय लगा, जबकि एंथ्रोपिक ने महज कुछ वर्षों में इतनी बड़ी संपत्ति तैयार कर दी।

कर्मचारियों को पहले दिन से शेयर बेचने का मौका

आमतौर पर किसी कंपनी के आईपीओ के बाद बड़े निवेशकों और कर्मचारियों पर शेयर बेचने को लेकर कुछ समय की पाबंदी रहती है। इसे लॉक-इन पीरियड कहा जाता है। यह अवधि आमतौर पर तीन से छह महीने तक होती है। लेकिन एंथ्रोपिक ने इस मामले में अलग व्यवस्था अपनाई। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के फाउंडर्स को छोड़कर अन्य कर्मचारियों को शेयर बाजार में ट्रेडिंग शुरू होने के पहले दिन से ही अपने कुल शेयरों में से 10% तक बेचने की अनुमति दी गई। इससे कर्मचारियों को अपनी बढ़ी हुई संपत्ति का कुछ हिस्सा तुरंत इस्तेमाल करने का मौका मिल गया।

सैन फ्रांसिस्को के महंगे घरों की बढ़ सकती है मांग

एंथ्रोपिक की लिस्टिंग का असर सिर्फ टेक्नोलॉजी सेक्टर तक सीमित नहीं रह सकता। इससे अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर के रियल एस्टेट बाजार में भी हलचल बढ़ने की उम्मीद है। सीएनबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रॉपर्टी बाजार से जुड़े ब्रोकर्स का मानना है कि कंपनी के कर्मचारियों के पास आई नई दौलत से सैन फ्रांसिस्को में घरों की मांग बढ़ सकती है। कर्मचारी अपने शेयर बेचकर या उनके आधार पर कर्ज लेकर प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना सकते हैं। Redfin के एक विश्लेषण के मुताबिक, एंथ्रोपिक के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के पास आईपीओ के बाद इतनी संपत्ति हो सकती है कि वे सैन फ्रांसिस्को के कुल घरों में से करीब 9% खरीद सकें।

Updated on:
20 Nov 2026, 12:46 PM IST
Published on: