
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। (PC: AI)
MCX Gold Price: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घरेलू वायदा बाजार में गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शाम 5 बजे सोने का घरेलू वायदा भाव 0.56 फीसदी या 726 रुपये की गिरावट के साथ 1,29,088 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, चांदी का वायदा भाव इस समय 0.18 फीसदी या 284 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,450 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
सोने-चांदी की कीमतों ने जनवरी 2026 में अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। इसके बाद से भाव जबरदस्त तरीके से टूट गए हैं। एमसीएक्स पर सोने का भाव जनवरी 2026 में 1,80,799 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। यह भाव अब 1.30 लाख से भी कम रह गया है। इस तरह सोने की कीमत करीब 10 महीने में 51,711 रुपये टूट चुकी है।
चांदी की कीमत अपने ऑल टाइम हाई लेवल से जबरदस्त तरीके से नीचे आई है। एमसीएक्स पर चांदी का घरेलू वायदा भाव जनवरी 2026 में 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया था। यह चांदी का ऑल टाइम हाई लेवल है। इस तरह चांदी का वायदा भाव सिर्फ 10 महीने में ही 2,59,598 रुपये टूट गया है।
इस समय सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका है। अमेरिका में महंगाई के ताजा आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ा दी है। ब्रिकवर्क रेटिंग्स के हेड ऑफ रिसर्च राजीव शरण के मुताबिक, अक्टूबर में अमेरिका का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) 0.4% बढ़ा है। इसके बाद दिसंबर में फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना करीब 90% तक पहुंच गई है। डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।
अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर बढ़ता रिटर्न भी निवेशकों को सोने से दूर कर रहा है। ब्याज दरें बढ़ने की आशंका और महंगाई के लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की चिंता से बुलियन बाजार में बिकवाली बढ़ी है।
पीएल कैपिटल के हेड ऑफ कमोडिटीज आशीष राजोदिया के अनुसार, डॉलर इंडेक्स बढ़कर करीब 103.4 पर पहुंच गया है। यह अप्रैल 2025 के बाद इसका सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड यील्ड भी बढ़कर करीब 5.15% हो गई है। फेडरल रिजर्व के कई अधिकारियों के बयानों से ब्याज दरों में आगे भी बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। बाजार को अब 9 दिसंबर को होने वाली बैठक में ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की करीब 92% संभावना दिखाई दे रही है। वहीं, 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना करीब 8% आंकी जा रही है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी सोने और चांदी को कोई खास राहत नहीं मिली। इसकी वजह यह है कि निवेशकों का ध्यान फिलहाल ब्याज दरों के भविष्य पर ज्यादा है।
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव करीब 3,700 डॉलर प्रति औंस तक आ गया। ट्रेडिंग इकोनॉमिक्स के आंकड़ों के अनुसार, सोना सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तरों पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि सोने की लंबी अवधि की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है। भारत में शादी-ब्याह के सीजन के दौरान सोने की खरीदारी और दुनिया के केंद्रीय बैंकों की ओर से लगातार सोना खरीदने से कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है। राजीव शरण के अनुसार, शॉर्ट टर्म में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 3,850 से 4,000 डॉलर प्रति औंस के दायरे में रह सकती है। ब्याज दरों को लेकर चिंता के कारण फिलहाल कीमतों पर दबाव बना रह सकता है, लेकिन भारत में शादी-ब्याह की मांग और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी सोने की लंबी अवधि की संभावनाओं को मजबूत बनाए रख सकती है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allकारोबार




