कारोबार

Bank Holiday: क्या कल बंद रहेंगे बैंक और शेयर बाजार? जानिए कहां-कहां है गोवर्धन पूजा की छुट्टी

Stock Market Holiday: 10 नवंबर 2026 को दिवाली-बाली प्रतिपदा के कारण मुंबई, बेंगलुरु समेत 7 जोन में बैंक बंद रहेंगे। BSE और NSE में भी कारोबार नहीं होगा। MCX में शाम के सत्र में ट्रेडिंग होगी, जबकि NCDEX बंद रहेगा।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 2:56 PM IST
Stock Market Holiday
10 नवंबर को शेयर बाजार बंद रहेगा। (PC: AI)

Bank Holiday 10 November 2026: दिवाली के बाद बैंकिंग और शेयर बाजार से जुड़े काम करने वाले लोगों को मंगलवार, 10 नवंबर को छुट्टी का ध्यान रखना होगा। दिवाली-बाली प्रतिपदा के मौके पर देश के कई जोन में बैंक बंद रहने वाले हैं। इनमें मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, नागपुर, देहरादून, बेलापुर और गंगटोक जोन शामिल हैं। इसके अलावा BSE और NSE में भी मंगलवार को कारोबार नहीं होगा। दरअसल, रविवार को शेयर बाजार में दिवाली के खास मौके पर एक घंटे के लिए मुहूर्त ट्रेडिंग हुई थी। इसके बाद अब मंगलवार को दिवाली-बाली प्रतिपदा की छुट्टी के कारण सामान्य कारोबार बंद रहेगा।

MCX की छुट्टी है या नहीं?

हालांकि, कमोडिटी मार्केट में कारोबार को लेकर अलग व्यवस्था रहेगी। देश का सबसे बड़ा कमोडिटी एक्सचेंज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) मंगलवार को सुबह के सत्र में बंद रहेगा। यहां सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार नहीं होगा। लेकिन शाम 5 बजे से रात 11:30 बजे तक ट्रेडिंग जारी रहेगी। वहीं, नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर पूरे दिन कारोबार बंद रहेगा।

10 नवंबर को किन जोन्स में बंद रहेंगे बैंक?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, मंगलवार को कई जोन्स में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों की छुट्टी रहेगी। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (SBI), एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत अन्य बैंकों की शाखाएं बंद रहेंगी। 10 नवंबर को इन 7 जोन में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी:

  • अहमदाबाद
  • बेलापुर
  • बेंगलुरु
  • देहरादून
  • गंगटोक
  • मुंबई
  • नागपुर

इन जोन्स में दिवाली, बाली प्रतिपदा, गोवर्धन पूजा, लक्ष्मी पूजा और विक्रम संवत नववर्ष के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। ध्यान रहे कि बैंक की छुट्टियां जोन के हिसाब से अलग-अलग होती हैं। इसलिए दूसरे जोन के शहरों में बैंक खुले भी रह सकते हैं।

बैंक की छुट्टी में भी चालू रहेंगी ऑनलाइन सेवाएं

बैंक बंद होने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहकों के सभी बैंकिंग काम रुक जाएंगे। छुट्टी के दिन भी ज्यादातर डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। ग्राहक मोबाइल बैंकिंग ऐप और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पैसे भेजने, बिल भरने और खाते से जुड़ी कई दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। बैंक की छुट्टी के दौरान भी Google Pay, PhonePe, Paytm और दूसरे UPI ऐप से पैसे भेजे और प्राप्त किए जा सकते हैं। यह सुविधा आमतौर पर 24 घंटे उपलब्ध रहती है। हालांकि, बैंक या पेमेंट सिस्टम के मेंटेनेंस के दौरान कुछ समय के लिए सेवा प्रभावित हो सकती है।

Updated on:
9 Nov 2026, 2:56 PM IST
Published on: