कारोबार

बैंक लॉकर से गायब हो गए गहने तो क्या बैंक देगा मुआवजा? जानिए RBI के नियम और कितनी मिलेगी रकम

Bank Locker Rules: बैंक लॉकर से गहने या कीमती सामान चोरी होने पर कुछ परिस्थितियों में बैंक को मुआवजा देना पड़ता है। RBI के नियमों के मुताबिक, बैंक की लापरवाही या कर्मचारियों की धोखाधड़ी से नुकसान होने पर सालाना लॉकर किराये का 100 गुना मुआवजा मिल सकता है।
4 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 12:43 PM IST
Bank Locker Rules
बैंक लॉकर में ग्राहक ने कितने गहने रखें हैं, यह बैंक को नहीं पता होता। (PC: AI)

बैंक लॉकर में सोने के गहने, कीमती समान और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखना अक्सर सुरक्षित माना जाता है। लेकिन अगर बैंक के लॉकर से ही आपके गहने चोरी हो जाएं या लॉकर में रखा सामान किसी हादसे में खराब हो जाए तो क्या होगा? क्या ऐसी स्थिति में बैंक नुकसान की भरपाई करेगा? इसका जवाब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों में दिया गया है। दरअसल, बैंक लॉकर की सुरक्षा को लेकर RBI ने बैंकों के लिए कुछ जरूरी नियम बनाए हैं। इनके तहत बैंक की जिम्मेदारी सिर्फ ग्राहक को लॉकर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। लॉकर रूम की सुरक्षा, अनधिकृत लोगों की पहुंच रोकना और चोरी जैसी घटनाओं से बचाव के इंतजाम करना भी बैंक की जिम्मेदारी है।

हालांकि, हर स्थिति में बैंक को नुकसान की भरपाई नहीं करनी होती। मुआवजा मिलेगा या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि नुकसान किस वजह से हुआ है और इसमें बैंक की कितनी लापरवाही रही है।

किन परिस्थितियों में बैंक को देना होगा मुआवजा?

आरबीआई ने 18 अगस्त 2021 को बैंक लॉकर से जुड़े नियमों में संशोधित निर्देश जारी किए थे। इनके मुताबिक, बैंक को लॉकर रखने वाले ग्राहकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना होगा। अगर बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में कमी, कर्मचारियों की धोखाधड़ी या लापरवाही के कारण ग्राहक के गहने या अन्य कीमती सामान गायब होते हैं, तो बैंक को इसकी जिम्मेदारी उठानी पड़ सकती है। आरबीआई के नियमों में आग लगने, चोरी, सेंधमारी, डकैती, लूट और बैंक की इमारत गिरने जैसी घटनाओं का भी जिक्र है। अगर ऐसी घटना बैंक की लापरवाही या सुरक्षा में कमी के कारण होती है, तो बैंक लॉकर एग्रीमेंट की शर्तों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

लॉकर से सामान गायब होने पर कितना मिलेगा मुआवजा?

आरबीआई ने बैंक की लापरवाही या कर्मचारियों की धोखाधड़ी के कारण लॉकर में रखे सामान के नुकसान पर मुआवजे का नियम तय किया है। इसके तहत बैंक को लॉकर के सालाना किराये का 100 गुना तक मुआवजा देना होगा। इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं। मान लीजिए आपने बैंक में लॉकर लिया है और उसका सालाना किराया 2,000 रुपये है। अगर बैंक की लापरवाही के कारण लॉकर में रखे गहने चोरी हो जाते हैं, तो तय नियम के अनुसार आपको 2 लाख रुपये तक मुआवजा मिल सकता है। यहां एक बात समझना जरूरी है। मुआवजे की रकम लॉकर में रखे गहनों की बाजार कीमत के आधार पर तय नहीं होती। यानी अगर आपके लॉकर में 10 लाख रुपये के गहने रखे थे और बैंक की लापरवाही से वे चोरी हो गए, तब भी मुआवजे की गणना सालाना किराये के 100 गुना के आधार पर होगी। इसलिए लॉकर में रखे सामान की कीमत और बैंक से मिलने वाले मुआवजे में बड़ा अंतर हो सकता है।

किन मामलों में बैंक नहीं देगा मुआवजा?

हर तरह के नुकसान के लिए बैंक को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। आरबीआई के नियमों के मुताबिक, भूकंप, बाढ़, बिजली गिरने और तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं से लॉकर में रखे सामान को नुकसान पहुंचता है तो बैंक पर मुआवजा देने की जिम्मेदारी नहीं होगी। इसके अलावा, अगर नुकसान पूरी तरह ग्राहक की अपनी गलती या लापरवाही के कारण हुआ है, तो भी बैंक जिम्मेदार नहीं माना जाएगा।

हालांकि, प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में भी बैंक अपनी सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुक्त नहीं है। उसे बैंक परिसर और लॉकर रूम को संभावित प्राकृतिक और अन्य आपदाओं से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने होते हैं।

क्या बैंक को पता होता है कि लॉकर में कौन से गहने रखे हैं?

बैंक अपने ग्राहकों के लॉकर में रखे सामान की सूची नहीं बनाता है। यानी ग्राहक ने लॉकर में कितना सोना, कितने गहने या कौन से दस्तावेज रखे हैं, इसकी जानकारी बैंक के पास नहीं होती। इसी तरह लॉकर से सामान निकालने पर भी बैंक उसकी अलग से सूची तैयार नहीं करता। ऐसे में अगर कभी लॉकर से सामान गायब हो जाता है तो ग्राहक के लिए यह साबित करना मुश्किल हो सकता है कि उसमें क्या रखा था और उसकी कीमत कितनी थी।

इस परेशानी से बचने के लिए ग्राहकों को कुछ जरूरी दस्तावेज अपने पास रखने चाहिए। इनमें गहनों की खरीदारी के बिल, उनकी तस्वीरें, वैल्यूएशन सर्टिफिकेट और मालिकाना हक से जुड़े दूसरे दस्तावेज शामिल हैं। इन दस्तावेजों से सामान की कीमत और उसके मालिकाना हक को साबित करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, केवल बिल या तस्वीर होने से मुआवजे की गारंटी नहीं मिलती।

बैंक लॉकर की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम जरूरी हैं?

RBI के निर्देशों के मुताबिक, बैंकों को लॉकर की सुरक्षा के लिए मजबूत व्यवस्था करनी होती है। इसके तहत कई जरूरी इंतजाम शामिल हैं।

  • लॉकर रूम को सुरक्षित और मजबूत बनाया जाना चाहिए।
  • अनधिकृत लोगों को लॉकर रूम में प्रवेश करने से रोकने के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए।
  • लॉकर रूम में आने और जाने वाले ग्राहकों व अन्य लोगों का रिकॉर्ड रखा जाना चाहिए।
  • लॉकर खोलने और इस्तेमाल करने की तारीख व समय का रिकॉर्ड होना चाहिए।
  • लॉकर से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ग्राहकों को SMS या ईमेल के जरिए दी जानी चाहिए।
  • स्ट्रॉन्ग रूम के प्रवेश और निकास द्वार के साथ कॉमन ऑपरेटिंग एरिया में CCTV कैमरे होने चाहिए।
  • CCTV फुटेज को सामान्य तौर पर कम से कम 180 दिनों तक सुरक्षित रखना जरूरी है।

इन व्यवस्थाओं का मकसद लॉकर से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाना और जरूरत पड़ने पर उसकी जांच करना है।

लॉकर से गहने गायब हों तो ग्राहक क्या करें?

अगर आपको पता चलता है कि बैंक लॉकर से गहने या कोई दूसरा कीमती सामान गायब है, तो बिना देरी किए बैंक को इसकी जानकारी दें। शिकायत लिखित में करें और बैंक से उसकी रिसीविंग जरूर लें। इसके अलावा, इन बातों का भी ध्यान रखें:

CCTV फुटेज सुरक्षित रखने को कहें: बैंक से लॉकर रूम और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने के लिए लिखित अनुरोध करें। लॉकर इस्तेमाल करने से जुड़े रिकॉर्ड और सुरक्षा लॉग भी सुरक्षित रखने को कहें।

पुलिस में शिकायत करें: अगर आपको चोरी या किसी अनधिकृत व्यक्ति के लॉकर तक पहुंचने का शक है, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।

जरूरी दस्तावेज जुटाएं: बैंक लॉकर का एग्रीमेंट, किराया जमा करने की रसीद, बैंक के साथ हुआ पुराना पत्राचार और चोरी हुए गहनों के बिल या तस्वीरें संभालकर रखें।

बैंक से जांच की मांग करें: बैंक को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच करने और उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग करें।

जरूरत पड़ने पर आगे शिकायत करें: अगर बैंक आपकी शिकायत का संतोषजनक समाधान नहीं करता है, तो आप पात्रता और तय प्रक्रिया के अनुसार RBI की इंटीग्रेटेड ओम्बड्समैन स्कीम के तहत शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा, संबंधित उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में भी शिकायत की जा सकती है।

Updated on:
13 Nov 2026, 12:43 PM IST
Published on: