Best Schemes for Women: लखपति दीदी योजना एक ऐसी योजना है जिससे लाखों महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी बल्कि लखपति का दर्जा मिला। आइए जानते हैं इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं।
Schemes for Women: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। इस योजना के तहत लाखों महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि कई ने अपनी मेहनत और लगन से 'लखपति' का दर्जा भी हासिल किया है। यह योजना ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्व-रोजगार के नए अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
लखपति दीदी योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत ऐसी महिलाएं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1 लाख रुपये या मासिक आय कम से कम 10,000 रुपये हो, उन्हें 'लखपति दीदी' का दर्जा दिया जाता है। सरकार का लक्ष्य है कि देश भर में 3 करोड़ महिलाओं को इस योजना के तहत लखपति दीदी बनाया जाए। अब तक करीब 1.25 से 1.5 करोड़ महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।
इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को छोटे ऋण, प्रशिक्षण, और बाजार तक पहुंच जैसे संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं।
पिछले एक दशक में 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। इन समूहों ने न केवल महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता दी है, बल्कि उन्हें कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर भी प्रदान किए हैं। सरकार ने इन समूहों को पूर्ण समर्थन देने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण, सब्सिडी, और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा कि लखपति दीदी योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है, बल्कि यह कृषि अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी को भी बढ़ा रही है। उन्होंने इस योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण का एक मजबूत आधार बताया और इसे देश के समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा करार दिया।
लखपति दीदी योजना के अलावा, केंद्र सरकार की अन्य योजनाएं जैसे महिला सम्मान बचत पत्र, फ्री सिलाई मशीन योजना, और अन्नपूर्णा योजना भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद कर रही हैं। ये योजनाएं महिलाओं को बचत, उद्यमिता, और स्व-रोजगार के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले किसी स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ना होगा, क्योंकि यह योजना SHG से जुड़ी 18 से 50 वर्ष की महिलाओं के लिए है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम हो। इसके बाद, आपको अपने नजदीकी SHG कार्यालय में जाकर आधार कार्ड, पैन कार्ड, आय प्रमाण, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और एक व्यवसाय योजना जैसे जरुरी दस्तावेज जमा करने होंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित सरकारी पोर्टल पर प्रक्रिया की जांच करें, और ऑफलाइन आवेदन के लिए स्थानीय SHG या बैंक से संपर्क करें।