
Credit Card Payment Tips: आजकल के इस दौर में क्रेडिट कार्ड लगभग हर किसी की जेब में होता है। ज्यादातर लोग इसे सिर्फ कर्ज लेने का साधन समझते हैं। लेकिन सच तो ये है कि इसे समझदारी से इस्तेमाल किया जाए तो यह आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। असल में क्रेडिट कार्ड आपकी जेब के लिए एक ऐसा ऑप्शन है जो न सिर्फ कैशबैक और रिवॉर्ड्स दिलाता है, बल्कि सही तरीके से इस्तेमाल करने पर बचत, बेहतर क्रेडिट स्कोर और मजबूत वित्तीय भविष्य का टूल भी बन सकता है। कैशबैक और रिवॉर्ड प्वाइंट का फायदा, लाखों रुपये का फ्री इंश्योरेंस कवर या फिर सामान खरीदने पर मिलने वाली सुविधाएं ये सब क्रेडिट कार्ड के ऐसे कई फायदे हैं जिनसे आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है।
पेट्रोल-डीजल भरवाते समय कार्ड से पेमेंट करने पर करीब 1 फीसदी फ्यूल सरचार्ज कई बैंक पूरी तरह माफ कर देते हैं। पहली नजर में यह छूट छोटी लगती है, लेकिन रोजाना लंबी दूरी के लिए गाड़ी चलाने वालों के लिए सालभर में यह अच्छी-खासी बचत बन जाती है।
कुछ क्रेडिट कार्ड्स ग्राहकों को इन-बिल्ट फ्री इंश्योरेंस कवर देते हैं। जैसे एक्सिडेंटल कवर, यात्रा के दौरान सामान खोने पर सुरक्षा और कार्ड चोरी होने पर होने वाले नुकसान से प्रोटेक्शन। किसी भी अनहोनी की स्थिति में यह बड़ा फाइनेंशियल सहारा बनता है, हालांकि यह हर कार्ड में नहीं होता।
कार्ड से महंगा गैजेट या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने पर कुछ कार्ड कंपनियां मैन्युफैक्चरर वारंटी खत्म होने के बाद भी 1 से 2 साल की एक्स्ट्रा वारंटी देती हैं। इससे वारंटी पीरियड खत्म होने के बाद भी रिपेयरिंग खर्च से राहत मिलती है। इसके साथ ही क्रेडिट कार्ड से खरीदा गया सामान चोरी हो जाए या टूट-फूट जाए, तो कुछ कार्ड कंपनियां उसका नुकसान कवर करती हैं। यह फीचर बिना डर के महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने का भरोसा देता है।
आमतौर पर कई क्रेडिट कार्ड कैशबैक के तौर पर आपके खर्च का 1 से 5 फीसदी तक वापस करते हैं। इसके अलावा पॉइंट्स कार्ड्स में आपको फ्लेक्सिबल पॉइंट्स मिलते हैं, जिन्हें आप ट्रैवल, गिफ्ट कार्ड्स या सामान खरीदने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में अगर आप ग्रॉसरी, गैस या डाइनिंग जैसी खास कैटेगरीज में ज्यादा खर्च करते हैं, तो इस कैटेगरी के कार्ड आपको एक्स्ट्रा रिवॉर्ड्स देते हैं। यह आपके रोजमर्रा के खर्च को कम कर सकते हैं।
हर महीने समय पर पूरा बिल चुकाने से CIBIL स्कोर मजबूत होता है। मजबूत स्कोर का सीधा फायदा यह है कि भविष्य में होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन कम ब्याज दरों पर आसानी से मिल सकता है।
हर महीने आने वाला स्टेटमेंट आपके खर्चों का पूरा आईना होता है। इससे पता चलता है कि पैसा किस मद में ज्यादा खर्च हुआ, जिससे सही बजट बनाने और फिजूलखर्ची रोकने में मदद मिलती है।