
जो लोग किसी नए प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसके वैज्ञानिक प्रमाण और इस्तेमाल के नतीजे देखना चाहते हैं, वे Temple डिवाइस को लेकर जल्दबाजी न करें। जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने अपने नए डिवाइस Temple की कीमत, तकनीक और दावों पर उठ रहे सवालों के बीच सफाई दी है। उन्होंने कहा कि Temple कोई मेडिकल डिवाइस नहीं, बल्कि फिटनेस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित प्रोडक्ट है। यह किसी बीमारी की पहचान करने या उसे रोकने के लिए नहीं बनाया गया है।
गोयल के मुताबिक, कंपनी ने Temple को लेकर कोई मेडिकल दावा नहीं किया है। यह डिवाइस डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प भी नहीं है। अगर किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी है, तो उसे डॉक्टर से ही संपर्क करना चाहिए। सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए गोयल ने कहा कि Temple को केवल फिटनेस और एआई डिवाइस के तौर पर पेश किया गया है। कंपनी ने यह साबित नहीं किया है कि इससे किसी बीमारी का पता लगाया जा सकता है या उसे रोका जा सकता है। उनकी यह सफाई ऐसे समय आई है, जब Temple की कीमत और इसकी तकनीक के पीछे मौजूद वैज्ञानिक प्रमाणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Temple को लेकर उठ रहे सवालों पर गोयल ने कहा कि किसी भी नई तकनीक को लेकर लोगों की उम्मीदें और भरोसे का स्तर अलग-अलग हो सकता है। कुछ लोग शुरुआती रिसर्च के आधार पर प्रोडक्ट खरीदने को तैयार रहते हैं, जबकि कुछ लोग पूरी वैज्ञानिक पुष्टि का इंतजार करते हैं। उन्होंने बताया कि किसी रिसर्च के प्रमाण कई चरणों से गुजरते हैं। शुरुआत में कंपनी व्हाइटपेपर जारी कर सकती है, इसके बाद प्रीप्रिंट रिसर्च आती है और फिर विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद पीयर-रिव्यूड रिसर्च प्रकाशित होती है।
गोयल का कहना है कि ग्राहक चाहें तो इस तकनीक पर पीयर-रिव्यूड रिसर्च आने तक इंतजार कर सकते हैं। इतना ही नहीं, वैज्ञानिक समीक्षा के बाद भी अगर किसी को प्रोडक्ट पर भरोसा नहीं होता है तो वह इसे खरीदने से मना कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी ग्राहक पर Temple खरीदने का दबाव नहीं है। लोग अपनी समझ और उपलब्ध जानकारी के आधार पर फैसला लेने के लिए स्वतंत्र हैं।
Temple की ऊंची कीमत को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस पर दीपिंदर गोयल ने कहा कि कंपनी ने इस डिवाइस को तैयार करने में काफी समय, मेहनत और संसाधन लगाए हैं। इसी आधार पर इसकी कीमत तय की गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि हर ग्राहक को इसकी कीमत सही लगे, यह जरूरी नहीं है। जिन लोगों को Temple महंगा लग रहा है, वे इसे तुरंत खरीदने के बजाय कुछ समय इंतजार कर सकते हैं। गोयल के मुताबिक, ग्राहक दूसरे यूजर्स के अनुभव और रिव्यू देखने के बाद तय कर सकते हैं कि यह डिवाइस उनके लिए कीमत के हिसाब से उपयोगी है या नहीं।
उन्होंने यह भी साफ किया कि Temple को केवल भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है। यह एक ग्लोबल प्रोडक्ट है और कंपनी इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करना चाहती है। गोयल का अनुमान है कि Temple की कुल बिक्री में भारत की हिस्सेदारी 1% से ज्यादा नहीं होगी।
Temple की तकनीक को लेकर भी गोयल ने कुछ अहम बातें बताई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्रेन फ्लो इस डिवाइस का मुख्य फीचर नहीं है। कंपनी ने शुरुआत में ब्रेन फ्लो पर काम किया था और इससे जुड़े शुरुआती अध्ययन भी जारी किए थे, लेकिन अब Temple का मुख्य फोकस Entropy पर है। गोयल के मुताबिक, Entropy को लेकर कंपनी ने अभी तक कोई रिसर्च पब्लिश नहीं की है। हालांकि, आने वाले समय में इस तकनीक के बारे में ज्यादा जानकारी शेयर करने की योजना है। उन्होंने यह भी बताया कि ब्रेन फ्लो की कैलकुलेशन किस तरह की जाती है, इसका इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया जा सकता है और इसकी सीमाएं क्या हैं, इस पर कंपनी एक विस्तृत नोट जारी करेगी। इससे ग्राहकों र तकनीक में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को डिवाइस के काम करने के तरीके को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल सकती है।