
सोने के गहने खरीदने से पहले उनकी शुद्धता की जांच करना अब और जरूरी हो गया है। देश में सोने की मिलावट को लेकर नई चिंता सामने आई है। ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) ने सोने में मिलावट की आशंका जताते हुए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) को इसकी जानकारी दी है। काउंसिल ने ज्वैलर्स को भी सलाह दी है कि वे मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और सप्लायर्स से सोना खरीदते समय उसकी गुणवत्ता की अच्छी तरह जांच करें। जीजेसी के मुताबिक, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सोने की ज्वैलरी का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम और इरिडियम आधारित मिश्र धातुओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे सोने की वास्तविक मात्रा बढ़ाए बिना ज्वैलरी का वजन बढ़ सकता है।
हालांकि, काउंसिल ने अभी तक मिलावट का कोई पुष्ट मामला या जांच रिपोर्ट पेश नहीं की है। उसने बताया कि बीआईएस इस मामले पर नजर रख रहा है। GJC के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने ज्वैलर्स और ग्राहकों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बीआईएस इस चिंता को गंभीरता से ले रहा है।
कुछ समय पहले इंदौर के सर्राफा बाजार में सोने में हैवी मेटल्स की मिलावट से जुड़ी शिकायतें आई थीं। मास्टर कैपिटल सर्विसेस लिमिटेड के चीफ रिसर्च ऑफिसर डॉ रवि सिंह के अनुसार, सोने में रूथेनियम (Ruthenium), इरिडियम (Iridium) और ऑस्मियम (Osmium) जैसी धातुएं मिलाने के आरोप हैं। यह पाउडर के रूप में होता है, जिसे गोल्ड पाउडर भी कहा जाता है। इस पाउडर का वजन काफी अधिक होता है। मिलावटी सोना भी बिल्कुल असली जैसा दिखता है। इस पाउडर को मिलाने से सोने का वजन बढ़ जाता है। खास बात यह है कि इस मिलावट का पता नॉर्मल एसिड टेस्ट, कसौटी और पुरानी कैरेट जांच मशीनों से नहीं चल पाता। कुछ कारीगरों को ज्वैलरी बनाते समय सोना गलाने की प्रक्रिया में सोने की मात्रा कम निकलने से इस गड़बड़ी का पता चला।
जीजेसी ने ज्वैलरी कारोबार से जुड़े मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और रिटेलर्स से भी अपनी गुणवत्ता जांच प्रक्रिया को मजबूत करने को कहा है। साथ ही बीआईएस के हॉलमार्किंग नियमों का पालन करने की सलाह दी है। काउंसिल ने ज्वैलर्स और ग्राहकों से अपील की है कि अगर उन्हें सोने में मिलावट, धोखाधड़ी या किसी गलत कारोबारी गतिविधि का शक होता है, तो इसकी जानकारी GJC या सीधे BIS को दें।
राजेश रोकड़े ने कहा कि अगर मिलावट के मामले की पुष्टि होती है, तो काउंसिल संबंधित अधिकारियों के सामने मामला उठाएगी। साथ ही धोखाधड़ी के मकसद से ऐसी सामग्री बनाने, सप्लाई करने या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी। जीजेसी के मुताबिक, देशभर में उसके साथ 6 लाख से ज्यादा जेम्स और ज्वैलरी कारोबार जुड़े हुए हैं। इनमें मैन्यूफैक्चरर, थोक कारोबारी और रिटेलर्स शामिल हैं।
जीजेसी ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे सोने के गहने हमेशा भरोसेमंद ज्वैलर्स से ही खरीदें। खरीदारी से पहले BIS Care ऐप के जरिए हॉलमार्क की जांच जरूर करें। इसके अलावा ज्वैलरी खरीदने पर जीएसटी सहित पक्का बिल लेना भी जरूरी है। काउंसिल के वाइस चेयरमैन अविनाश गुप्ता ने कहा कि ग्राहकों को सोने के गहने खरीदते समय उनकी शुद्धता और असली होने की पुष्टि करनी चाहिए। सस्ते सोने के लालच में न आएं। साथ ही गहने खरीदते समय हॉलमार्क और HUID नंबर की जांच करना धोखाधड़ी से बचने का एक अहम तरीका है।