20 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Business / Why Stock Market Rise Today: शेयर बाजार में बरसा पैसा, सेंसेक्स 900 पॉइंट चढ़कर हुआ बंद, इन 5 पॉइट्स में समझिए इस तेजी का राज

Why Stock Market Rise Today: शेयर बाजार में बरसा पैसा, सेंसेक्स 900 पॉइंट चढ़कर हुआ बंद, इन 5 पॉइट्स में समझिए इस तेजी का राज

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में तेजी के पीछे रुपये की मजबूती, विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और बैंकिंग शेयरों में उछाल जैसे बड़े कारण हैं। नवंबर में FII निवेश 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 20 Nov 2026, 3:59 PM IST

Indian Stock Market

शेयर बाजार भारी बढ़त लेकर बंद हुआ है। (PC: AI)

भारतीय शेयर बाजार आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारी-भरकम बढ़त लेकर बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 1.08 फीसदी या 897 अंक की भारी बढ़त के साथ 83,919 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 1.12 फीसदी या 286 अंक की बढ़त के साथ 25,800 पर बंद हुआ। बाजार बंद होते समय सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 20 शेयर हरे निशान पर और 10 शेयर लाल निशान पर थे। आइए जानते हैं बाजार में आज आई इस तेजी के पीछे प्रमुख कारण कौन-से हैं।

रुपया 7 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये ने शानदार वापसी की है। शुक्रवार को रुपया 93 के अहम स्तर को पार कर गया। अप्रैल के बाद पहली बार रुपये ने यह मजबूती दिखाई है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी निवेश का पैसा आने से रुपये को सहारा मिला है। इससे पहले इस साल डॉलर के मुकाबले रुपया काफी कमजोर हुआ था। रुपये की चाल पर विदेशी निवेशकों की खरीदारी का बड़ा असर पड़ रहा है। कमोडिटी की कीमतों में गिरावट से भारत का आयात बिल कम होने की उम्मीद है। इससे भी रुपये को मजबूती मिल रही है।

Anthropic की शानदार लिस्टिंग के बावजूद AI शेयरों में गिरावट

AI सेक्टर में तेजी को लेकर निवेशकों की चिंता अब ग्लोबल शेयर बाजारों में दिखाई देने लगी है। इसका असर अमेरिकी बाजार से लेकर एशियाई बाजारों तक देखने को मिला है। एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने गुरुवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर नैस्डेक पर IPO के 83 डॉलर के भाव के मुकाबले करीब 17% की बढ़त के साथ 97.17 डॉलर पर बंद हुआ। हालांकि, कंपनी की शानदार लिस्टिंग भी AI से जुड़े दूसरे शेयरों में बिकवाली को नहीं रोक सकी। एआई कंपनियों के शेयरों में गिरावट के चलते नैस्डेक में करीब 2% की कमजोरी आई।

विश्लेषकों के मुताबिक, एआई शेयरों में मुनाफावसूली और गिरावट से भारतीय बाजार को कुछ फायदा मिल सकता है। भारतीय कंपनियों में एआई से जुड़ी कंपनियों का दबदबा अपेक्षाकृत कम होने के कारण बाजार को इस मामले में बढ़त मिल सकती है।

विदेशी निवेशकों की लगातार 14वें दिन खरीदारी

भारतीय शेयर बाजार के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक संकेत विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी है। एनएसई के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में 7,411 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे। वे लगातार 14 कारोबारी सत्रों से शुद्ध खरीदार बने हुए हैं। नवंबर में अब तक विदेशी निवेशकों की कुल खरीदारी 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है। यह भारत में अब तक किसी एक महीने में दर्ज किया गया सबसे बड़ा FII निवेश बताया जा रहा है।

बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी

बाजार की तेजी में बैंकिंग शेयरों की भी बड़ी भूमिका रही। खासतौर पर बड़े निजी बैंकों के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। HDFC Bank, Kotak Mahindra Bank और ICICI Bank के शेयरों में करीब 2% की तेजी आई। वहीं Axis Bank के शेयर 1% से ज्यादा चढ़ गए। बैंकिंग शेयरों में इस खरीदारी का असर Nifty Bank पर भी दिखाई दिया। बैंकिंग इंडेक्स 2% से ज्यादा उछलकर 64,000 के स्तर को पार कर गया और 52 सप्ताह के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। पहली बार इस इंडेक्स ने 64,000 का आंकड़ा पार किया है। बड़े बैंकिंग शेयरों में खरीदारी जारी रहने से बाजार को आगे भी सपोर्ट मिल सकता है।

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट से बाजार को राहत

अमेरिका में सरकारी बॉन्ड की यील्ड में नरमी आने से भारतीय बाजार समेत दूसरे उभरते बाजारों के लिए माहौल बेहतर हुआ है। अमेरिका के 30 साल के ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड 5.48% से नीचे आ गई। वहीं, 10 साल के बॉन्ड की यील्ड 5.1% और 2 साल के बॉन्ड की यील्ड 4.8% से नीचे रही। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट को उभरते बाजारों के लिए सकारात्मक माना जाता है। इससे विदेशी निवेशकों के लिए भारत जैसे बाजारों में पैसा लगाने का आकर्षण बढ़ सकता है।