
इस हफ्ते सोने-चांदी में बड़ी गिरावट आई है। (PC: AI)
Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों के लिए यह हफ्ता काफी बुरा रहा है। चाहे वैश्विक बाजार हो या घरेलू हाजिर और वायदा बाजार, दोनों कीमती धातुओं के दाम लड़खड़ाकर गिर गए। गुड रिटर्न्स के अनुसार, आज शनिवार, 21 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,25,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 1,14,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 93,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। इसके अलावा चांदी का घरेलू हाजिर भाव दिल्ली में 1,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया है। आइए जानते हैं कि बीते एक हफ्ते में सोने चांदी की कीमतों में कितनी गिरावट आई है।
गुड रिटर्न्स के अनुसार, बीते शनिवार 14 नवंबर को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,37,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। आज यह भाव गिरकर 1,25,230 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। इस तरह एक हफ्ते में सोने की कीमत में 12,540 रुपये की गिरावट आई है।
सोने के साथ ही चांदी की कीमत में भी इस हफ्ते बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, बीते शनिवार, 14 नवंबर को दिल्ली में चांदी का घरेलू हाजिर भाव 1,95,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। यह भाव अब गिरकर 1,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। इस तरह बीते एक हफ्ते में चांदी की घरेलू हाजिर कीमतों में 20,000 रुपये की गिरावट आई है।
एमसीएक्स एक्सचेंज पर शुक्रवार को सोने का घरेलू वायदा भाव बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था। 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना 4.32 फीसदी या 5503 रुपये की गिरावट के साथ 1,21,949 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, चांदी में निचले स्तरों से मामूली रिकवरी आई। शुक्रवार को एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी 0.74 फीसदी या 1087 रुपये की बढ़त के साथ 1,48,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
मास्टर कैपिटल सर्विसेस लिमिटेड के चीफ रिसर्च ऑफिसर डॉ रवि प्रकाश सिंह ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि इस समय को पैनिक पीरियड के रूप में नहीं लेना चाहिए, बल्कि इसे सोने-चांदी के रिप्राइसिंग सायकल के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा, 'फिलहाल बाजार दिसंबर में होने वाली फेडरल रिजर्व की अगली बैठक में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की 90% संभावना मानकर चल रहा है। वहीं, अमेरिका के 10 साल के ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड अभी भी 5% से ऊपर बनी हुई है और डॉलर इंडेक्स भी 20 महीने के उच्च स्तर 103.8 पर टिका हुआ है। ऐसे माहौल में सोने जैसा एसेट, जिस पर निवेशकों को कोई ब्याज नहीं मिलता, बिकवाली के दबाव में है।'
सिंह ने कहा कि जनवरी 2026 में 5,598 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद से सोने की कीमत में करीब एक-तिहाई गिरावट आ चुकी है। चांदी में इससे भी ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है।
डॉ रवि ने बताया, 'अगर MCX पर सोना अपने अहम सपोर्ट लेवल को तोड़ता है, तो इसकी कीमत 1,18,000 से 1,17,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकती है। वहीं, चांदी के 1,40,000 से 1,37,000 रुपये के स्तर तक गिरने की आशंका है। फिलहाल दोनों कीमती धातुएं ओवरसोल्ड जोन में पहुंच चुकी हैं। ऐसे में लंबी अवधि के निवेशक अपनी होल्डिंग बनाए रख सकते हैं और छोटी गिरावट पर धीरे-धीरे खरीदारी कर सकते हैं। हालांकि, इस समय बड़ी पोजीशन लेने से बचना बेहतर होगा।
आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा काफी हद तक दिसंबर में आने वाले अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को लेकर दिए जाने वाले संकेतों पर निर्भर करेगी।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allकारोबार




