कारोबार

Gold Price Today: 5 दिन में करीब 2500 रुपये टूटा सोना, क्या महंगे क्रूड से गोल्ड पर लगातार बना रहेगा दबाव? जानें एक्सपर्ट की राय

Gold Rate Today 9th September 2026: कच्चे तेल की कीमत 98.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई है। इससे यूएस फेड रेट हाइक को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। ऐसे में सोने की कीमतों पर दबाव बना है।
3 min read
Sep 09, 2026
Gold Rate Outlook
सोने की घरेलू हाजिर कीमतों में गिरावट दिखी है। (PC: AI)

Gold Rate Outlook: सोने की घरेलू हाजिर कीमतों में आज बुधवार को गिरावट देखने को मिली है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, दिल्ली में सुबह 11 बजे 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1040 रुपये की गिरावट के साथ 1,54,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। 22 कैरेट गोल्ड का रेट इस समय 950 रुपये गिरकर 1,41,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। 18 कैरेट गोल्ड का रेट इस समय 780 रुपये गिरकर 1,15,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, चांदी का हाजिर भाव दिल्ली में बिना किसी बदलाव के साथ 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया।

5 दिन में 2350 रुपये टूटा सोना

सोने के घरेलू हाजिर भाव में पिछले 5 दिन में 2350 रुपये की गिरावट आई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, 4 सितंबर को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,56,810 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। यह सोना अब गिरकर 1,54,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इस तरह पिछले 5 दिन में सोने के रेट में 2350 रुपये की गिरावट आई है।

सोर्स- गुडरिटर्न्स

अमेरिका-ईरान के बीच जारी हैं हमले

अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में होर्मुज में अमेरिकी जहाजों और ऑयल टैंकर्स पर हमला किया है। सीएनबीसी यूएस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स ने दावा किया है कि उन्होंने खाड़ी में दो अमेरिकी जहाजों और आठ तेल टैंकरों पर हमला किया। यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा ईरान के पांच टैंकरों पर किए गए हमले के जवाब में की गई।

99 डॉलर के पार पहुंचा क्रूड

ईरान के इस दावे के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर के बेहद करीब पहुंच गई हैं। बुधवार दोपहर ब्रेंट क्रूड 0.99 फीसदी या 0.97 डॉलर की बढ़त के साथ 98.89 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, WTI क्रूड इस समय 0.91 फीसदी या 0.85 डॉलर की बढ़त के साथ 93.82 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा।

क्यों गिर रहे सोने के भाव?

सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, क्रूड ऑयल में इस तेजी से महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसके साथ ही फेड रेट में बढ़ोतरी की उम्मीदें भी तेज हो रही हैं। 15-16 सितंबर को फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की बैठक होने वाली है। इस बैठक में ब्याज दरों में इजाफा होने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। ब्याज दर बढ़ने पर निवेशक बिना ब्याज वाले एसेट गोल्ड को छोड़कर यूएस ट्रेजरी बॉन्ड की तरफ आकर्षित होते हैं। यही कारण है कि सोने में दबाव देखने को मिल रहा है। डॉ रवि के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने के भाव रेंज बाउंड रह सकते हैं। यानी एक सीमित दायरे में ट्रेड कर सकते हैं।

वैश्विक स्तर पर सोने का भाव

वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में थोड़ी तेजी देखने को मिली है। कॉमेक्स पर सोना 0.08 फीसदी या 3.40 डॉलर की बढ़त के साथ 4,442.40 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, गोल्ड स्पॉट इस समय 1.03 फीसदी या 44.66 डॉलर की बढ़त के साथ 4400 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।

चांदी का वैश्विक भाव

चांदी की वैश्विक कीमतों में भी तेजी देखने को मिली है। कॉमेक्स पर चांदी 0.46 फीसदी या 0.31 डॉलर की बढ़त के साथ 67.31 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी। वहीं, सिल्वर स्पॉट 1.47 फीसदी या 0.97 डॉलर की बढ़त के साथ 66.71 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी।

Updated on:
09 Sept 2026 12:19 pm
Published on:
09 Sept 2026 12:19 pm