23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Business / New Motor Insurance Rules: 15 दिसंबर से बदल रहे हैं मोटर इंश्योरेंस के नियम, कार और बाइक चलाते हैं तो जान लें ये बातें

New Motor Insurance Rules: 15 दिसंबर से बदल रहे हैं मोटर इंश्योरेंस के नियम, कार और बाइक चलाते हैं तो जान लें ये बातें

IRDAI New Rules: 15 दिसंबर 2026 से कार और बाइक इंश्योरेंस के नियम बदलने वाले हैं। नई पॉलिसी में चार तरह के कवर होंगे, जिनमें से दो अनिवार्य रहेंगे। खास बात यह है कि पैसेंजर लायबिलिटी कवर में माता-पिता, पत्नी और बच्चे शामिल नहीं होंगे।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 23 Nov 2026, 5:44 PM IST

Motor Insurance Rules 2026

नए मोटर इंश्योरेंस रूल्स 15 दिसंबर से लागू होंगे। (PC: AI)

नई मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी में परिवार के सदस्य भी यात्री बीमा के दायरे से बाहर हो सकते हैं। भारतीय बीमा नियामक IRDAI के नए नियम 15 दिसंबर 2026 से लागू होने वाले हैं। इसके बाद कार और दोपहिया वाहनों की बीमा पॉलिसी चार अलग-अलग हिस्सों में होगी। वाहन मालिक अपनी जरूरत के हिसाब से इनमें से कवर चुन सकेंगे। हालांकि, इनमें से सिर्फ दो कवर लेना अनिवार्य होगा। बाकी कवर नहीं लेने पर दुर्घटना की स्थिति में वाहन मालिक, उसके परिवार और गाड़ी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

एक पॉलिसी में होंगे चार तरह के कवर

नए नियमों के तहत अभी मिलने वाली थर्ड पार्टी और कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी की जगह एक नई पॉलिसी व्यवस्था लागू होगी। इसमें बीमा को चार हिस्सों में बांटा जाएगा। हर कवर का प्रीमियम अलग दिखाया जाएगा। ये चार कवर निम्न होंगे:

  1. थर्ड पार्टी कवर: आपकी गाड़ी से किसी दूसरे व्यक्ति को चोट लगने, उसकी मौत होने या किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर बीमा सुरक्षा देगा।
  2. पैसेंजर लायबिलिटी कवर: गाड़ी में बैठे यात्रियों और पात्र लोगों से जुड़े कानूनी दावों को कवर करेगा।
  3. पर्सनल एक्सीडेंट कवर: वाहन के मालिक को दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा देगा। इसमें दूसरे यात्रियों को भी वैकल्पिक रूप से शामिल किया जा सकता है।
  4. ओन डैमेज कवर: आपकी अपनी कार या बाइक को हुए नुकसान की भरपाई करेगा।

वाहन मालिक अपनी जरूरत के अनुसार इन कवर का चुनाव कर सकेंगे।

सिर्फ दो कवर लेना होगा जरूरी

नई व्यवस्था में थर्ड पार्टी इंश्योरेंस और वाहन के मालिक के लिए पर्सनल एक्सीडेंट कवर अनिवार्य होंगे। बाकी कवर वैकल्पिक होंगे। अगर आप वैकल्पिक कवर नहीं लेते हैं तो दुर्घटना के समय आपको या आपके परिवार को अपनी जेब से खर्च उठाना पड़ सकता है। इसलिए सिर्फ जरूरी कवर लेकर पॉलिसी खरीदना हमेशा सही फैसला नहीं होगा।

यात्री कवर में शामिल नहीं होंगे माता-पिता, पत्नी और बच्चे

नई पॉलिसी में एक अहम शर्त है, जिसे वाहन मालिकों को समझना चाहिए। पैसेंजर लायबिलिटी कवर में वाहन मालिक के नजदीकी परिवार के सदस्य शामिल नहीं होंगे। इनमें माता-पिता, पति या पत्नी और बच्चे आते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आपकी कार से दुर्घटना होती है और उसमें आपकी पत्नी या बच्चा घायल हो जाता है, तो पैसेंजर लायबिलिटी कवर उनके मामले में कानूनी जिम्मेदारी को कवर नहीं करेगा।

ऐसी स्थिति से बचने के लिए वाहन मालिक यात्रियों के लिए अलग से पर्सनल एक्सीडेंट कवर ले सकते हैं। इसके तहत दुर्घटना में मौत या स्थायी विकलांगता होने पर निर्धारित रकम मिल सकती है।

गाड़ी नहीं चला रहे हों, तब भी मिलेगा मालिक को एक्सीडेंट कवर

नए नियमों के तहत वाहन मालिक का पर्सनल एक्सीडेंट कवर उस समय भी लागू रहेगा, जब वह अपनी गाड़ी में यात्री के रूप में सफर कर रहा हो। गाड़ी में चढ़ते या उतरते समय दुर्घटना होने पर भी यह सुरक्षा मिलेगी। इस कवर के तहत ये लाभ मिलेंगे:

  • मौत या पूरी तरह स्थायी विकलांगता होने पर बीमा की पूरी रकम मिलेगी।
  • एक अंग या एक आंख की रोशनी जाने पर बीमा राशि का 50 फीसदी भुगतान किया जाएगा।

हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए वाहन का रजिस्टर्ड मालिक और पॉलिसीधारक एक ही व्यक्ति होना चाहिए। उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी होना जरूरी है। कंपनी या फर्म के नाम पर रजिस्टर्ड वाहनों को इस कवर से बाहर रखा गया है।

ऑन डैमेज कवर नहीं लिया तो अपनी गाड़ी का खर्च खुद उठाना होगा

थर्ड पार्टी इंश्योरेंस आपकी गाड़ी को हुए नुकसान की भरपाई नहीं करता। यह सिर्फ दूसरे व्यक्ति या उसकी संपत्ति को हुए नुकसान से जुड़ी जिम्मेदारी को कवर करता है। ऐसे में अपनी कार या बाइक को सुरक्षा देने के लिए ओन डैमेज कवर लेना जरूरी हो सकता है। इस कवर के तहत बीमा कंपनी गाड़ी की मरम्मत करवा सकती है, खराब हिस्सों को बदलने का खर्च दे सकती है या नुकसान के बदले मुआवजा दे सकती है।

अगर गाड़ी पूरी तरह खराब हो जाती है या उसकी मरम्मत संभव नहीं रहती, तो भुगतान इंश्योर्ड डिक्लेयर्ड वैल्यू (IDV) के आधार पर किया जाएगा। इसमें कबाड़ की कीमत घटाई जा सकती है। वाहन मालिक बेहतर सुरक्षा के लिए जीरो डेप्रिसिएशन जैसे अतिरिक्त कवर भी खरीद सकते हैं।

क्या नए नियमों से मोटर इंश्योरेंस सस्ता होगा?

नई व्यवस्था लागू होने से मोटर इंश्योरेंस का प्रीमियम जरूरी नहीं कि कम हो जाए। इसका मुख्य मकसद अलग-अलग बीमा सुविधाओं और उनकी कीमत को साफ-साफ दिखाना है। थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का प्रीमियम सरकार तय करती रहेगी, जबकि बाकी कवर की कीमत बीमा कंपनियां तय करेंगी। बीमा एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जो ग्राहक पहले की तरह ही सभी कवर का विकल्प चुनेंगे, उन्हें प्रीमियम में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। हालांकि, अब ग्राहक यह समझ सकेंगे कि वे किस सुविधा के लिए कितना पैसा दे रहे हैं।

नई मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदने से पहले इन 5 बातों का रखें ध्यान

15 दिसंबर 2026 से नई व्यवस्था के तहत जारी होने वाली निजी कार और दोपहिया वाहन पॉलिसी पर ये नियम लागू होंगे। नई पॉलिसी खरीदते समय इन पांच बातों को जरूर जांच लें:

  1. यात्रियों का कवर: देखें कि आपने यात्रियों के लिए जरूरी सुरक्षा ली है या नहीं।
  2. परिवार के सदस्यों का कवर: ध्यान रखें कि पैसेंजर लायबिलिटी कवर में माता-पिता, पति या पत्नी और बच्चे शामिल नहीं हैं।
  3. ओन डैमेज कवर: अपनी गाड़ी की कीमत और इस्तेमाल को देखते हुए अलग से सुरक्षा लेने का फैसला करें।
  4. प्रीमियम की तुलना: हर कवर की कीमत अलग-अलग देखें और जरूरत के हिसाब से चुनाव करें।
  5. पॉलिसी की शर्तें: बीमा में शामिल सुविधाओं, बाहर रखी गई स्थितियों और अतिरिक्त कवर की जानकारी ध्यान से पढ़ें।

नई व्यवस्था में सिर्फ कम प्रीमियम देखकर मोटर इंश्योरेंस खरीदना नुकसानदेह हो सकता है। पॉलिसी लेने से पहले यह जरूर समझें कि दुर्घटना की स्थिति में किसे सुरक्षा मिलेगी और कौन-सा नुकसान बीमा के दायरे में आएगा।