23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Business / Tata Steel 28,000 करोड़ में क्यों बेच रही अपने 2 प्रमुख कारोबार, 6% टूट गया शेयर

Tata Steel 28,000 करोड़ में क्यों बेच रही अपने 2 प्रमुख कारोबार, 6% टूट गया शेयर

Tata Steel APL Apollo Tubes Deal: टाटा स्टील अपने ट्यूब्स और पाइप्स कारोबार के साथ टाटा स्टील कलर्स की पूरी हिस्सेदारी APL अपोलो को करीब 28,000 करोड़ रुपये में बेचेगी। बोर्ड ने इस सौदे को मंजूरी दे दी है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 23 Nov 2026, 11:06 AM IST

Tata Steel Share Price

Tata Steel ने APL Apollo Tubes के साथ डील की है। (PC: AI)

Tata Steel Share Price: टाटा स्टील अपने कारोबार में बड़ा बदलाव करने जा रही है। कंपनी ने अपने दो प्रमुख डाउनस्ट्रीम कारोबार बेचने का फैसला किया है। इसके तहत स्टील ट्यूब्स और पाइप्स कारोबार के साथ टाटा स्टील कलर्स में अपनी पूरी हिस्सेदारी APL अपोलो ट्यूब्स को बेची जाएगी। दोनों सौदों की कुल कीमत करीब 28,000 करोड़ रुपये है। टाटा स्टील के बोर्ड ने 22 नवंबर को हुई बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी। इस फैसले से टाटा स्टील अपने कारोबार को नए सिरे से व्यवस्थित कर सकेगी। वहीं, एपीएल अपोलो को स्टील ट्यूब्स, पाइप्स और कलर कोटेड उत्पादों के बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने का मौका मिलेगा।

दो हिस्सों में पूरा होगा 28,000 करोड़ का सौदा

टाटा स्टील और एपीएल अपोलो के बीच यह डील दो अलग-अलग सौदों के जरिए पूरी होगी। पहले सौदे में एपीएल अपोलो टाटा स्टील का ट्यूब्स और पाइप्स कारोबार अधिकतम 11,700 करोड़ रुपये में खरीदेगी। दूसरे सौदे के तहत टाटा स्टील कलर्स की 100% हिस्सेदारी 16,300 करोड़ रुपये में खरीदी जाएगी। टाटा स्टील ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि बोर्ड ने इन दोनों प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।

इन शहरों में हैं ट्यूब्स और पाइप्स की फैक्ट्रियां

ट्यूब्स और पाइप्स कारोबार का हस्तांतरण स्लंप सेल के आधार पर होगा। इसका मतलब है कि कंपनी इस कारोबार से जुड़ी संपत्तियों, फैक्ट्रियों और अन्य गतिविधियों को एक साथ एकमुश्त कीमत पर बेचेगी। कारोबार को चालू हालत में ही नए खरीदार को सौंपा जाएगा। इस सौदे में जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शामिल हैं। इसके अलावा खोपोली में मौजूद कुछ कोल्ड रोलिंग और सरफेस कोटेड स्टील उत्पादों से जुड़ी यूनिट्स भी इस सौदे का हिस्सा होंगी। टाटा स्टील के ट्यूब्स और पाइप्स बिजनेस ने वित्त वर्ष 2026 में करीब 11,375 करोड़ रुपये का टर्नओवर दर्ज किया था। यह टाटा स्टील के कुल कंसोलिडेटेड टर्नओवर का लगभग 4.9% था।

टाटा स्टील कलर्स में किसकी कितनी हिस्सेदारी?

दूसरा सौदा टाटा स्टील कलर्स से जुड़ा है, जिसे पहले टाटा ब्लूस्कोप स्टील के नाम से जाना जाता था। इस कंपनी में टाटा स्टील की सीधे तौर पर 50% हिस्सेदारी है। बाकी 50% हिस्सेदारी उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TSDPL) के पास है। अब एपीएल अपोलो दोनों कंपनियों की हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके लिए कुल 16,300 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसमें से 8,150 करोड़ रुपये टाटा स्टील को और इतनी ही रकम TSDPL को मिलेगी।

टाटा स्टील कलर्स मुख्य रूप से कलर कोटेड स्टील उत्पाद बनाती है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने करीब 4,680 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। इस दौरान उसका शुद्ध मुनाफा 85 करोड़ रुपये रहा।

क्यों कारोबार बेच रही है टाटा स्टील?

टाटा स्टील का यह फैसला अपने कारोबार को ज्यादा व्यवस्थित करने और मौजूदा संपत्तियों से बेहतर कीमत हासिल करने की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी अब अपने मुख्य स्टील उत्पादन कारोबार पर ज्यादा ध्यान देना चाहती है। साथ ही, वह बेहतर मुनाफा देने वाले स्टील उत्पादों पर अपना फोकस बढ़ा रही है।

ट्यूब्स, पाइप्स और कलर कोटेड स्टील कारोबार में स्टील मुख्य कच्चा माल होता है, लेकिन इनके लिए अलग फैक्ट्रियों, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और ग्राहकों से सीधे संपर्क की जरूरत पड़ती है। इन कारोबारों को एपीएल अपोलो जैसी स्पेशियलिटी कंपनी को सौंपने से टाटा स्टील को अपनी संपत्तियों की बेहतर कीमत मिल सकती है।

APL अपोलो को क्या होगा फायदा?

इस सौदे से एपीएल अपोलो की स्टील ट्यूब्स और पाइप्स बाजार में स्थिति मजबूत हो सकती है। कंपनी को टाटा स्टील की मौजूदा फैक्ट्रियां और उत्पादन सुविधाएं मिलेंगी। इससे उसका कारोबार और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क दोनों बढ़ेंगे। इसके अलावा कलर कोटेड स्टील उत्पादों के कारोबार में भी कंपनी की मौजूदगी मजबूत होगी। इस तरह एपीएल अपोलो को स्टील उत्पादों की एक बड़ी रेंज के साथ बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

टाटा स्टील APL अपोलो ट्यूब्स में खरीदेगी हिस्सेदारी

टाटा स्टील सिर्फ अपने दो बिजनेस ही एपीएल अपोलो ट्यूब्स को नहीं बचेगी, बल्कि एपीएल अपोलो ट्यूब्स में हिस्सेदारी भी खरीदेगी। कंपनी ने APL अपोलो ट्यूब्स में 26.38% हिस्सेदारी खरीदने के लिए 15,510.6 करोड़ रुपये की डील का ऐलान किया है। इसके साथ ही कंपनी ने एपीएल अपोलो में 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर भी पेश किया है। डील के मुताबिक, टाटा स्टील एपीएल अपोलो के प्रमोटर ग्रुप से 2,100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 26.38% हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके अलावा कंपनी ने अन्य शेयरधारकों से 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर का ओपन ऑफर दिया गया है। इस ओपन ऑफर पर करीब 16,756 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस डील को पूरा करने के लिए नियामकीय मंजूरी जरूरी होगी। दोनों कंपनियों का टार्गेट मार्च 2027 तक पूरी प्रक्रिया समाप्त करने का है।

शेयरों में आई गिरावट

इन फैसलों के बाद टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर सुबह 10 बजे एनएसई पर 5.62 फीसदी या 10.02 रुपये की गिरावट के साथ 167.91 रुपये पर ट्रेड करते दिखे। दूसरी ओर एपीएल अपोलो ट्यूब्स का शेयर करीब 16% टूटकर 1780 रुपये पर आ गया।