कारोबार

Gold Loan: कर्ज में डूबे ग्राहक ले रहे ज्यादा गोल्ड लोन, तेजी से बढ़ रहा डिफॉल्ट का खतरा, देखिए ये आंकड़े

Gold Loan Default Risk: देश में गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इनमें ज्यादातर वे लोग हैं, जिन पर पहले से कई कर्ज हैं। इससे डिफॉल्ट का खतरा बढ़ रहा है।

2 min read
Apr 16, 2026
Gold Loan Default Risk
गोल्ड लोन में डिफॉल्ट के खतरे बढ़ रहे हैं। (PC: AI)

Gold Loan Default Risk: गोल्ड लोन नए ऋण वितरण के लिहाज से देश का सबसे बड़ा रिटेल क्रेडिट प्रोडक्ट बन गया है। ट्रांसयूनियन सिबिल के आंकड़ों के अनुसार, नए लोन की मात्रा में गोल्ड लोन की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। पिछले तीन वर्षों में प्रति उधारकर्ता औसत गोल्ड लोन राशि दोगुनी हो गई है। उधारकर्ताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ हो गई। दिसंबर 2025 तक 1.4 करोड़ लोगों पर बकाया गोल्ड लोन 2.50 लाख रुपए से अधिक है। चिंता की बात यह है कि गोल्ड लोन लेने वालों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिन पर पहले से दूसरे कर्ज चल रहे हैं। ऐसे ग्राहकों में किस्त चुकाने में देरी भी ज्यादा देखी जा रही है।

5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लिया है गोल्ड लोन

5 करोड़ से अधिक लोगों ने लिया है गोल्ड लोन, औसत लोन का आकार 90,000 रुपए से बढ़कर 1.96 लाख रुपए हुआ, 1.4 करोड़ लोगों पर बकाया गोल्ड लोन 2.50 लाख रुपए से अधिक है। 39% हिस्सेदारी रही गोल्ड लोन की दिसंबर तिमाही 2025 में बांटे गए कुल रिटेल लोन में। जबकि होम लोन की केवल 11% हिस्सेदारी रही, 94% गोल्ड लोन मौजूदा ग्राहकों को ही बांटे गए।

नीलामी से भी पूरी राशि नहीं होगी वसूल

चिंता की बात यह है कि बड़े और कई गोल्ड लोन लेने वाले उधारकर्ताओं के बीच डिलिंक्वेंसी यानी किस्त चूक (डिफॉल्ट) और ईएमआइ में देरी बढ़ रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जरूरत से ज्यादा उधारी लेने की प्रवृत्ति ऐसे स्तर तक क्रेडिट जोखिम बढ़ा रही है जहां कर्जदाता केवल गिरवी रखे सोने की नीलामी कर अपने बकाये की पूरी वसूली नहीं कर पाएंगे। जिन लोगों पर 2.50 लाख रुपए से अधिक बकाया था, उनमें डिलिंक्वेंसी दर 1.5% रही, जो कम एक्सपोजर वाले ग्राहकों की तुलना में 2.2 गुना अधिक है। वहीं पांच से अधिक लोन लेने वाले खातों में डिलिंक्वेंसी दर 1.9% थी।

सोने चांदी के भाव

एमसीएक्स पर इस समय सोने का भाव 0.56 फीसदी या 861 रुपये की बढ़त के साथ 1,54,809 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा है। वहीं, चांदी का भाव 1.19 फीसदी या 2993 रुपये की बढ़त के साथ 2,54,735 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।

Published on:
16 Apr 2026 10:46 am