कारोबार

Gold Loan लेने वालों को क्यों मिल रहे नीलामी के नोटिस? ग्राहकों से मांगा जा रहा एक्स्ट्रा सोना

Gold Loan Auction: सोने की कीमतों में तेज गिरावट से गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। करीब 40% गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में LTV की सीमा टूटने के बाद कंपनियों ने कानूनी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 11:28 AM IST
Gold Loan Auction
गोल्ड लोन ग्राहकों को कंपनियां नीलामी के नोटिस भेज रही हैं। (PC: AI)

Gold Price Crash: सोने की कीमतों में तेज गिरावट अब उन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, जिन्होंने अपनी ज्वेलरी गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया है। सोने के दाम घटने से गिरवी रखे गए सोने की मौजूदा कीमत और लोन की रकम के बीच का अंतर कम हो गया है। ऐसे में गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों ने ग्राहकों को कानूनी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। इन नोटिस में ग्राहकों से लोन का कुछ हिस्सा चुकाने या अतिरिक्त सोना गिरवी रखने को कहा जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर कंपनियां गिरवी रखे गहनों की नीलामी कर सकती हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के करीब 40% पोर्टफोलियो में लोन-टू-वैल्यू (LTV) की तय सीमा टूट गई है। कुछ मामलों में यह अनुपात 95% से भी ऊपर पहुंच गया है। पिछले दो सप्ताह में सोने की कीमतों में आई तेज गिरावट इसकी बड़ी वजह है।

गोल्ड लोन कंपनियों ने ग्राहकों को भेजे नोटिस

रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड लोन कंपनियां ग्राहकों को फिलहाल एक और मौका दे रही हैं। कंपनियों के अधिकारी फोन और दूसरे माध्यमों से संपर्क कर रहे हैं। ग्राहकों से कहा जा रहा है कि वे या तो कुछ रकम तुरंत जमा करें या फिर अतिरिक्त सोना गिरवी रखकर लोन की शर्तें पूरी करें। अगर ग्राहक ऐसा नहीं करते हैं तो कंपनी कानूनी नोटिस देने के 30 दिन बाद गिरवी रखे गहनों की नीलामी कर सकती है।

दरअसल, गोल्ड लोन में LTV का मतलब है कि गिरवी रखे गए सोने की कीमत के मुकाबले ग्राहक को कितना कर्ज दिया गया है। अगर सोने की कीमत गिरने से यह अनुपात तय सीमा से ऊपर चला जाता है तो इसे लोन में डिफॉल्ट माना जाता है। इसके लिए यह जरूरी नहीं कि ग्राहक ने किस्त या ब्याज चुकाने में भी कोई चूक की हो।

सोने की कीमतों में गिरावट से बिगड़ा गणित

इस साल जनवरी में सोने ने अपना ऊंचा स्तर छुआ था। इसके बाद से कीमतों में करीब 35% की गिरावट आ चुकी है। नवंबर में ही सोना अब तक करीब 11% टूट चुका है। अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के कारण निवेशकों का रुझान सोने से कम हुआ है। सोने से नियमित ब्याज या रिटर्न नहीं मिलता, इसलिए ब्याज दरें बढ़ने की संभावना इसके आकर्षण को कम करती है। गोल्ड लोन कंपनियों के मुताबिक, करीब चार साल बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में ग्राहकों को अतिरिक्त मार्जिन जमा करने के लिए कहा जा रहा है।

नए गोल्ड लोन देने में सावधानी बरत रहीं कंपनियां

सोने की कीमतों में आगे और गिरावट की आशंका को देखते हुए बैंकों और गोल्ड लोन कंपनियों ने नए कर्ज देने के नियमों में भी सख्ती की है। मुथूट और मणप्पुरम जैसी कंपनियों के साथ बैंकों ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को बताया है कि उन्होंने नए गोल्ड लोन पर औसत LTV घटाकर 60 से 65% कर दिया है। पहले यह करीब 75% था। यानी अब कंपनियां गिरवी रखे गए सोने की कीमत के मुकाबले कम कर्ज दे रही हैं, ताकि आगे कीमतों में गिरावट आने पर भी उनका जोखिम सीमित रहे। आमतौर पर गोल्ड लोन कंपनियां उन ग्राहकों को करीब 85% तक LTV पर कर्ज देती हैं, जो हर महीने ब्याज चुकाते हैं। वहीं, लोन की पूरी अवधि के अंत में ब्याज चुकाने वाले ग्राहकों के मामले में यह अनुपात करीब 70 से 72% रहता है।

ऐसे समझें कैसे बढ़ जाता है LTV

मान लीजिए किसी ग्राहक ने 1 लाख रुपये के सोने को गिरवी रखकर 75,000 रुपये का लोन लिया। शुरुआत में इस लोन का LTV 75% होगा। अब अगर सोने की कीमत 15% गिरकर 85,000 रुपये रह जाती है तो लोन की रकम पहले जितनी ही रहेगी, लेकिन LTV बढ़कर करीब 88% हो जाएगा। अगर सोने की कीमत में 25% की गिरावट आ जाती है तो गिरवी रखे सोने की कीमत घटकर 75,000 रुपये रह जाएगी। इस स्थिति में LTV बढ़कर 100% हो जाएगा। यानी कंपनी के पास गिरवी रखे सोने की मौजूदा कीमत के बराबर ही लोन बकाया होगा। ब्याज और नीलामी का खर्च जोड़ने पर कंपनी का जोखिम और बढ़ सकता है।

23 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा गोल्ड लोन बाजार

क्रेडिट इंफॉर्मेशन कंपनी CRIF के आंकड़ों के मुताबिक, 30 सितंबर तक देश में गोल्ड लोन का कुल पोर्टफोलियो करीब 23 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया था। यह 185 लाख करोड़ रुपये के कुल रिटेल लोन बाजार का लगभग 12% है। आरबीआई की चिंता इस बात को लेकर भी है कि गोल्ड लोन बाजार में बढ़ोतरी नए ग्राहकों की संख्या बढ़ने से ज्यादा मौजूदा ग्राहकों को अधिक कर्ज देने, पुराने लोन रिन्यू करने और टॉप-अप लोन देने से हुई है। यानी ग्राहक पहले से गिरवी रखे सोने के आधार पर ही ज्यादा कर्ज ले रहे थे।

Updated on:
26 Nov 2026, 11:28 AM IST
Published on:
Also Read
View All
Gold Silver Price Today: सोने की कीमतों ने खाई पलटी, वायदा और हाजिर बाजार में उछल गए भाव, जानिए बड़े शहरों में क्या हो गए रेट

Property Buying Tips: क्या सिर्फ रजिस्ट्री होने से बन जाते हैं आप प्रॉपर्टी के मालिक? इन 6 डॉक्यूमेंट्स को नहीं देखा तो हो सकता है बड़ा नुकसान

Gold Price Outlook: 3 महीने में 27% टूट गए सोने के भाव, क्या यही है खरीदने का गोल्डन टाइम या किया जाए इंतजार? एक्सपर्ट से समझिए

FMCG और फार्मा सेक्टर में आई तेजी से 1500 अंक बढ़कर बंद हुआ सेंसेक्स, जानिए किन शेयरों ने आज कराई सबसे ज्यादा कमाई

Changes from 1st December: ब्याज दर, क्रेडिट कार्ड और LPG से लेकर आधार तक, दिसंबर में हो रहे पैसों से जुड़े ये 8 बदलाव