25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Business / Gold Price Outlook: 3 महीने में 27% टूट गए सोने के भाव, क्या यही है खरीदने का गोल्डन टाइम या किया जाए इंतजार? एक्सपर्ट से समझिए

Gold Price Outlook: 3 महीने में 27% टूट गए सोने के भाव, क्या यही है खरीदने का गोल्डन टाइम या किया जाए इंतजार? एक्सपर्ट से समझिए

Gold Price Target 2027: जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। एक्सपर्ट के मुताबिक, 2027 तक 24 कैरेट सोना 1.60 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि, डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की स्थिति में भाव शॉर्ट टर्म में 1 लाख रुपये से नीचे भी जा सकता है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 25 Nov 2026, 5:01 PM IST

Gold Price Forecast 2027

सोने की कीमतों में आज गिरावट आई है। (PC: AI)

Gold Price Prediction: सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने उन परिवारों को खरीदारी का अच्छा मौका दिया है, जो शादी या दूसरे जरूरी कामों के लिए ज्वेलरी खरीदने की योजना बना रहे हैं। जनवरी 2026 में करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने वाला सोना अब घटकर करीब 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। हालांकि, बाजार के जानकारों का मानना है कि कीमतों में अभी और गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अभी सोने के गहने खरीद लेना समझदारी होगी या कुछ समय और इंतजार करना चाहिए? एक्सपर्ट्स की राय इस मामले में अलग-अलग है। कुछ जानकार मौजूदा गिरावट को खरीदारी का अच्छा मौका मान रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि सोने में अभी जोखिम बना हुआ है।

3 महीने में 27% गिर गया सोना

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार शाम दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर 1.32 फीसदी या 1609 रुपये की गिरावट के साथ 1,20,720 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। पिछले एक महीने में इसमें करीब 15 फीसदी और तीन महीने में 27 फीसदी की गिरावट आई है।

2026 और 2027 में कहां तक जा सकता है सोने का भाव?

लेमॉन के हेड ऑफ रिसर्च गौरव गर्ग ने सोने की कीमतों को लेकर अनुमान शेयर किया है। उनके मुताबिक, आने वाले समय में सोने की कीमतों में फिर से तेजी आ सकती है। वैश्विक मांग में सुधार और ब्याज दरों का माहौल अनुकूल होने पर 2027 के अंत तक सोना मौजूदा स्तर से काफी ऊपर जा सकता है। उनके अनुमान के मुताबिक, 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने की कीमतें इस प्रकार रह सकती हैं:

सोने की शुद्धतामौजूदा कीमत2026 के अंत तक कीमत अनुमान2027 के अंत तक कीमत अनुमान
24 कैरेट₹1.21 लाख₹1.28 से 1.35 लाख₹1.45 से 1.60 लाख
22 कैरेट₹1.10 लाख₹1.17 से 1.24 लाख₹1.33 से 1.47 लाख
भाव प्रति 10 ग्राम में हैं।

गौरव गर्ग का मानना है कि वैश्विक बाजार में मांग बढ़ने और ब्याज दरों में राहत मिलने की स्थिति में सोने को सपोर्ट मिल सकता है। इससे 2027 के अंत तक 24 कैरेट सोने का भाव 1.45 लाख से 1.60 लाख रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 1.33 लाख से 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।

क्या अभी सोने की ज्वेलरी खरीदना सही रहेगा?

गर्ग के मुताबिक, हालिया गिरावट ने सोने की खरीदारी के लिए बेहतर मौका बनाया है। जिन परिवारों को जल्द गहने खरीदने हैं, वे कीमतों में आई कमी का फायदा उठा सकते हैं। हालांकि, एक ही बार में पूरा बजट खर्च करने के बजाय अलग-अलग चरणों में खरीदारी करना बेहतर होगा। पीएन गाडगिल एंड संस लिमिटेड के डायरेक्टर अमित मोडक भी शादी-ब्याह के लिए सोना खरीदने वालों को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से फैसला लेने की सलाह देते हैं। उनके मुताबिक, बाजार में सबसे निचला भाव आने का इंतजार करना हमेशा सही रणनीति नहीं होती। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्राहक अपनी जरूरत का कुछ सोना अभी खरीद सकते हैं और बाकी खरीदारी आने वाले कुछ हफ्तों या महीनों में कर सकते हैं। इससे अलग-अलग कीमतों पर खरीदारी होगी और एक ही भाव पर पूरा पैसा लगाने का जोखिम कम हो जाएगा।

सोने में अभी और आ सकती है गिरावट

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के हेड ऑफ कमोडिटी रिसर्च हरीश वी के मुताबिक, फिलहाल सोने में नए निवेश के लिहाज से जोखिम और संभावित रिटर्न का संतुलन बहुत आकर्षक नहीं है। कीमतों में अभी और गिरावट आ सकती है। उनके अनुसार, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, अमेरिका के बेहतर आर्थिक आंकड़े और शेयर बाजार में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी सोने पर दबाव बना रही है। इसके अलावा अमेरिकी केंद्रीय बैंक की सख्त मौद्रिक नीति की आशंका भी सोने की चमक कम कर रही है। घरेलू बाजार में रुपये की मजबूती और त्योहारों तथा शादी के सीजन की मांग धीरे-धीरे कम होने से भी सोने की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।

क्या 1 लाख रुपये से नीचे आ सकता है सोने का भाव?

सोने की कीमतों में लगातार गिरावट के बीच अब यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या 24 कैरेट सोना 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे जा सकता है। मुड्रेक्स के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, मौजूदा करीब 1.21 लाख रुपये के स्तर से सोने को 1 लाख रुपये तक आने के लिए लगभग 18 फीसदी और गिरना होगा। मौजूदा बाजार की अस्थिरता को देखते हुए इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, ऐसा कब होगा, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में और सख्ती होती है, खासकर उम्मीद से ज्यादा बड़ी बढ़ोतरी होती है, तो सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से रेपो रेट बढ़ाए जाने की स्थिति में भी बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। सिद्धांत के मुताबिक, सोने की कीमतों की दिशा काफी हद तक वैश्विक ब्याज दरों, डॉलर की चाल और करेंसी में होने वाले बदलावों पर निर्भर करेगी।

किसी खास कीमत के इंतजार में खरीदारी टालना सही नहीं

उन्होंने परिवारों को सलाह दी है कि केवल किसी खास कीमत का इंतजार करके खरीदारी टालना सही नहीं है। लोगों को अपनी जरूरत, बजट और निवेश की अवधि को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए। वहीं, हरीश वी का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 3,000 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंचती है तो घरेलू बाजार में सोना मध्यम अवधि में 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे जा सकता है। खासकर तब, जब अमेरिकी डॉलर मजबूत बना रहे और सोने में निवेश की मांग कमजोर हो जाए।

सोना खरीदने वालों के लिए क्या है एक्सपर्ट्स की सलाह?

सोने की कीमतों में आई गिरावट ने खरीदारों के सामने अच्छा मौका और जोखिम दोनों रखे हैं। जिन लोगों को शादी या किसी दूसरे जरूरी काम के लिए गहने खरीदने हैं, वे अपनी जरूरत के हिसाब से चरणों में खरीदारी कर सकते हैं। वहीं, केवल निवेश के उद्देश्य से सोना खरीदने वालों को बाजार की चाल और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर नजर रखनी चाहिए। किसी एक भाव को अंतिम निचला स्तर मानकर पूरा पैसा लगाना फिलहाल जोखिम भरा हो सकता है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)