
दिसंबर महीने में कई बदलाव हो रहे हैं। (PC: AI)
New Rules From December 2026: दिसंबर 2026 में कई ऐसे वित्तीय बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब, निवेश और बैंकिंग से जुड़ी सेवाओं पर पड़ सकता है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के क्रेडिट कार्ड से बड़े ट्रांजैक्शन करने वालों को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। वहीं, कमोडिटी बाजार में ट्रेडिंग करने वालों के लिए मार्जिन के नियम बदलने जा रहे हैं। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति प्रमुख ब्याज दर पर फैसला भी दिसंबर की शुरूआत में ही लेने जा रही है। दिंसबर की शुरुआत से एलपीजी की कीमतों में बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कि दिसंबर में कौन-से बड़े वित्तीय बदलाव होने जा रहे हैं।
SBI क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए 1 दिसंबर 2026 से कुछ नए शुल्क लागू होने जा रहे हैं। इसका असर खासतौर पर ट्रांसपोर्ट और फ्यूल से जुड़े बड़े भुगतान करने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा। नए नियम के तहत 30,000 रुपये से ज्यादा के पात्र ट्रांसपोर्ट ट्रांजैक्शन पर 1 फीसदी अतिरिक्त शुल्क देना होगा। खास बात यह है कि यह शुल्क केवल 30,000 रुपये से ऊपर की रकम पर नहीं, बल्कि पूरे ट्रांजैक्शन पर लगेगा।
उदाहरण के लिए, अगर कोई ग्राहक क्रेडिट कार्ड से ट्रांसपोर्ट से जुड़ा 40,000 रुपये का भुगतान करता है तो उसे 400 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इस पर लागू टैक्स अलग से लगेगा। फ्यूल ट्रांजैक्शन के लिए भी शुल्क का नियम बदला गया है। अगर किसी बिलिंग साइकिल में पात्र फ्यूल ट्रांजैक्शन की कुल रकम 50,000 रुपये से ज्यादा होती है, तो पूरे खर्च पर 1 फीसदी शुल्क लगेगा। मान लीजिए कि किसी ग्राहक ने एक बिलिंग साइकिल में 60,000 रुपये का फ्यूल खर्च किया है। ऐसे में उसे 600 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इसके अलावा लागू टैक्स भी चुकाना पड़ेगा।
ये बदलाव ट्रांसपोर्ट और फ्यूल से जुड़े कुछ खास मर्चेंट कैटेगरी कोड (MCC) वाले ट्रांजैक्शन पर लागू होंगे। इसलिए बड़े भुगतान करने से पहले ग्राहकों को SBI Card की वेबसाइट पर अपने कार्ड से जुड़ी शर्तें जरूर देख लेनी चाहिए।
दिसंबर में भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक भी होने वाली है। यह बैठक 2 दिसंबर से 4 दिसंबर 2026 तक चलेगी। अक्टूबर में हुई पिछली बैठक के दौरान आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी करते हुए इसे 5.50 फीसदी कर दिया था। साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपनी मौद्रिक नीति का रुख कैलिब्रेटेड टाइटनिंग कर दिया था। दिसंबर की बैठक में होने वाला फैसला होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज लेने वाले लोगों के लिए अहम रहेगा। अगर आरबीआई रेपो रेट में और बढ़ोतरी करता है तो बैंकों के लोन महंगे हो सकते हैं। इसका असर फ्लोटिंग ब्याज दर वाले लोन की EMI पर पड़ सकता है।
कमोडिटी मार्केट में कारोबार करने वाले निवेशकों के लिए भी 1 दिसंबर से बदलाव होने जा रहा है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने 17 नवंबर को जारी सर्कुलर के जरिए कमोडिटी डेरिवेटिव्स में जोखिम प्रबंधन से जुड़े नियमों की समीक्षा की है। नए नियमों के तहत कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर न्यूनतम शुरुआती मार्जिन तय किया जाएगा।
ये नियम कृषि और गैर-कृषि दोनों तरह के कमोडिटी डेरिवेटिव्स पर लागू होंगे।
भारतीय शेयर बाजार में निवेश करने वाले विदेशी लोगों के लिए दिसंबर में एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। 3 दिसंबर 2026 से पात्र विदेशी निवेशक डिजिटल KYC की प्रक्रिया दूर बैठकर पूरी कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ विदेश में रहने वाले भारतीय (NRI), ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक और पात्र विदेशी नागरिक उठा सकेंगे। इसके लिए उन्हें सेबी के साथ रजिस्टर्ड ब्रोकर्स के जरिए KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अब तक डिजिटल केवाईसी के दौरान कुछ मामलों में निवेशक का भारत में शारीरिक रूप से मौजूद होना जरूरी था। नए फ्रेमवर्क के तहत इस शर्त को हटाया जा रहा है।
आधार कार्डधारकों के लिए भी दिसंबर में एक राहत की सुविधा जारी रहेगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट करने पर लगने वाला 75 रुपये का शुल्क माफ किया हुआ है। यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी। इसकी शुरुआत 1 जुलाई 2026 को हुई थी और इसे छह महीने के लिए लागू किया गया है। जिन लोगों ने अभी तक अपने आधार से ईमेल आईडी लिंक नहीं की है या पुरानी ईमेल आईडी बदलना चाहते हैं, वे आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के जरिए यह काम बिना शुल्क करा सकते हैं।
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां आमतौर पर महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतें तय करते हैं। ऐसे में 1 दिसंबर को भी गैस सिलेंडर की कीमत में उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पेंशन पाने वाले लोगों के लिए नवंबर का आखिरी दिन बेहद अहम है। उन्हें 30 नवंबर तक अपना सालाना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होगा। ऐसा नहीं करने पर दिसंबर से पेंशन के भुगतान में देरी या दूसरी परेशानी हो सकती है। लाइफ सर्टिफिकेट को जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) भी कहा जाता है। इसके जरिए यह पुष्टि की जाती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और पेंशन लेने का पात्र है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allकारोबार




