
Gold Price Outlook: सोने की कीमतों में आज मामूली तेजी देखी गई है। हालांकि, इस हफ्ते सोने में बड़ी गिरावट आई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने का रेट 220 रुपये की बढ़त के साथ 1,46,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 200 रुपये बढ़कर 1,34,050 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 170 रुपये बढ़कर 1,09,710 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वीकली डेटा देखें, तो सोने में 3000 रुपये और चांदी में 10,000 रुपये की गिरावट आई है।
बीते शनिवार 13 जून को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,49,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह एक हफ्ते में 24 कैरेट सोने की कीमतें 3000 रुपये टूट गई हैं। वहीं, 22 कैरेट सोने का भाव बीते शनिवार 1,36,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह एक हफ्ते में 22 कैरेट गोल्ड का रेट 2750 रुपये टूटा है।
चांदी की कीमत में बीते एक हफ्ते में भारी गिरावट दर्ज हुई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, दिल्ली में आज चांदी का भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर है। बीते शनिवार को चांदी का भाव 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। इस तरह एक हफ्ते में चांदी की कीमत में 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई है।
एमसीएक्स एक्सचेंज पर हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने का वायदा भाव 1.39 फीसदी या 2070 रुपये की गिरावट के साथ 1,47,239 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, एमसीएक्स पर चांदी का भाव शुक्रवार को 2.04 फीसदी या 4836 रुपये की गिरावट के साथ 2,32,736 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।
मास्टरट्रस्ट के चीफ रिसर्च ऑफिसर डॉ रवि सिंह ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि गोल्ड में गिरावट का यह लगातार तीसरा हफ्ता है। इसके पीछे वजह अमेरिका का केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व है। बीते कुछ हफ्तों से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि यूएस फेड ब्याज दरों को उच्च स्तर पर बरकरार रख सकता है या इसमें इजाफा कर सकता है। इससे बाद 17 जून को पॉलिसी बैठक में फेड ने ब्याज दरों को बरकरार रखा और इस साल रेट हाइक के संकेत दे दिए। इससे सोने पर दबाव बना है। उच्च ब्याज दरों की स्थिति में निवेश सोने से निकलकर ट्रेजरी बॉन्ड्स जैसे ब्याज देने वाले निवेश विकल्पों की तरफ जाने लगते हैं। यही कारण है कि सोने में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट आई है।