
Gold Price Today: सोने की कीमतों में फिलहाल दबाव देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत होता डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त ब्याज दर पॉलिसी ने सोने की तेजी पर ब्रेक लगा दिया है। ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या सोना एक बार फिर तेजी पकड़ पाएगा? क्या दिसंबर 2026 तक इसकी कीमत 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है? मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव फिलहाल करीब 1,38,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 3,955 डॉलर प्रति औंस है। हाल के ऊंचे स्तरों से सोने की कीमतों में गिरावट आई है।
बाजार के जानकारों की राय इस समय बंटी हुई है। कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने में अभी और गिरावट आ सकती है, जबकि कुछ को आने वाले महीनों में रिकवरी की उम्मीद है। उनका कहना है कि अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों में नरमी और डॉलर कमजोर होने पर सोने की कीमतों को फिर से सपोर्ट मिल सकता है।
सोने की कीमतों पर इस समय सबसे ज्यादा असर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति का पड़ रहा है। बाजार में ऐसी आशंका है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट तक बढ़ोतरी कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों के लिए ब्याज देने वाले विकल्प ज्यादा आकर्षक हो जाएंगे। सोने में निवेश से नियमित ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में निवेशक सोने से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों में लगा सकते हैं।
सेबी रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका के कारण सोने पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर में मजबूती भी सोने की कीमतों के लिए परेशानी बन रही है। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर दूसरी मुद्राओं में सोना महंगा हो जाता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग प्रभावित हो सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट के बावजूद सोने को खास फायदा नहीं हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में प्रगति की खबरों के बाद कच्चे तेल का भाव करीब 118 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 92 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया है। आमतौर पर कच्चे तेल की कीमतें घटने से महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद रहती है। इससे ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ सकती है, जो सोने के लिए सकारात्मक माना जाता है। लेकिन इस बार अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त रुख और उम्मीद से ज्यादा महंगाई के आंकड़े सोने पर भारी पड़ रहे हैं।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि दिसंबर 2026 तक एमसीएक्स पर सोने का भाव 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच सकता है। हालांकि, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय आर्थिक हालातों में सुधार होना जरूरी है। कोटक नियो में कमोडिटी रिसर्च की AVP कायनात चैनवाला के अनुसार, यह टार्गेट हासिल करना संभव है। लेकिन इसके लिए सोने की मौजूदा कीमत करीब 1,38,500 रुपये प्रति 10 ग्राम से लगभग 8 फीसदी बढ़नी होगी। उनका मानना है कि अमेरिकी महंगाई में कमी, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका कमजोर पड़ने और डॉलर में गिरावट आने पर सोने को तेजी मिल सकती है। हालांकि, MCX पर सोना अभी तक 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर मजबूती से टिकने में सफल नहीं रहा है। चैनवाला के अनुसार, अगर सोना इस स्तर को मजबूती से पार कर लेता है तो इसमें तेजी का नया दौर शुरू हो सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के लिए 4,220 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम माना जा रहा है। अगर सोना इस स्तर के ऊपर मजबूती से निकलता है और अमेरिकी फेड का रुख नरम होता है, तो MCX पर इसकी कीमत 1.49 लाख से 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।
दूसरी तरफ, अनुज गुप्ता सोने की कीमतों को लेकर ज्यादा सतर्क हैं। उनका मानना है कि अगर अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी करता है तो सोने और चांदी दोनों में बिकवाली बढ़ सकती है। उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि फिलहाल सोने में बड़ी तेजी की उम्मीद करके जल्दबाजी में निवेश नहीं करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,800 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम सपोर्ट है। अगर कीमत इस स्तर से नीचे जाती है तो गिरावट और बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में सोना 3,400 डॉलर प्रति औंस तक भी फिसल सकता है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)